डीजे बजाने को लेकर बरातियों और घरातियों में मारपीट, चार घायल
Azamgarh News - सरायमीर के कमालपुर गांव में एक शादी में डीजे बजाने को लेकर बरातियों और घरातियों में संघर्ष हुआ। इसमें दूल्हा के दो भाई समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को...

सरायमीर, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में बुधवार की रात आई बरात में डीजे बजाने को लेकर बरातियों और घरातियों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दूल्हा के दो भाइयों समेत एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराया। सरायमीर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी महेंद्र की पुत्री की बुधवार की रात को शादी थी। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उसेपुर गांव निवासी रामलाल के पुत्र संदीप की बरात आयी थी। विवाह की रस्म चल रही थी। उधर, डीजे पर गाना बज रहा था। इस पर घराती पक्ष ने डीजे बंद करने के लिए कहा।
इसी बात को लेकर घराती और बराती पक्ष में कहासुनी होने लगी। मामला तूल पकड़ने पर घरातियों ने लाठी-डंडा लेकर बरातियों को दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। हमले में दूल्हा के भाई प्रदीप, संदीप पुत्र रामलाल, सोनू और विश्वजीत घायल हो गए। वहीं, एक पक्ष ने डीजे मैजिक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। डीजे की मशीन भी तोड़ दी। ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी। दुल्हन के पिता महेंद्र ने गांव के ही आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।