बलरामपुर डिपो पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला
Balrampur News - बलरामपुर परिवहन निगम डिपो पर अव्यवस्थाएँ बढ़ रही हैं। यात्रियों के लिए बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है और पानी के कूलर भी काम नहीं कर रहे हैं। गंदगी और सफाई की कमी के कारण यात्रियों को समस्याओं का सामना...

बलरामपुर। बलरामपुर परिवहन निगम डिपो पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। परिसर में लोगों के लिए बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं है। पूछताछ केन्द्र के सामने जमीन पर बैठकर लोग घंटो बस का इंतजार करते हैं। परिसर में लगे दो वाटर कूलर से शीतल पेयजल नहीं निकल रहा है। सफाई के अभाव में चारों ओर गंदगी की भरमार है। स्टैंड पर लगा एक मात्र सरकारी हैंडपंप झाड़ियों के बीच छिपा है। गर्मी से बचाव को लेकर यात्रियों के लिए डिपो पर कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं डिपो से एक भी एसी बस का संचालन नहीं किया जा रहा है। यात्रियों को शीतल पेयजल के लिए भटकना पड़ता है।
नगर मुख्यालय पर स्थित परिवहन निगम डिपो से 85 बसों का संचालन किया जा रहा है, जो कि दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, अयोध्या आदि जगहों पर जाने के लिए यात्रियों को सुविधा मिल रही है। इसी के साथ बलरामपुर से तुलसीपुर, बढ़नी, कौवापुर, महराजगंज तराई, हर्रैया, शिवपुरा, बहराइच, उतरौला, गोंडा के लिए भी बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों की सुविधाओं को लेकर डिपो की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। डिपो के प्रतीक्षालय में यात्रियों को बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। यहां लगे पंखों के पर नहीं डोलते। भीषण गर्मी में यात्रियों को जमीन पर बैठक बस का इंतजार करना पड़ता है। वहीं नियमित सफाई न होने के कारण बस डिपो के चारों ओर गंदगी की भरमार है। कूड़ा उठान न होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। यात्रियों को गंदगी के बीच खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। लखनऊ जा रहे राजेश कुमार, महेन्द्र प्रताप व रंजीत ने बताया कि परिसर में गंदगी फैली होने के कारण उसमें से दुर्गंध उठ रही है, जिसके चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर परिवहन निगम परिसर में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप झाड़ियों से घिरा है। हैंडपंप तक पहुंचने के लिए यात्रियों को सौ बार सोंचना पड़ता है। यही नहीं परिसर में लगे दो वाटर कूलर से खौलता पानी निकल रहा है। यात्रियों ने शीतल पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।