बाराबंकी-प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न
Barabanki News - बाराबंकी के सेमरी स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन धार्मिक उल्लास और वैदिक परंपराओं के साथ हुआ। अंतिम दिन वेदी पूजन, महा रुद्राभिषेक और प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान...

बाराबंकी। सरयू नदी के पावन तट पर सेमरी में स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का बुधवार को धार्मिक उल्लास और वैदिक परंपराओं के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन वेदी पूजन, शिखर पूजन, महा रुद्राभिषेक और प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न हुआ। मंत्रोच्चार के साथ वातावरण धार्मिक बना रहा। रुद्राक्ष से किया गया महाभिषेक श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत अलौकिक रहा। राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने आचार्यों के सानिध्य में भगवान गुप्तेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया। तत्पश्चात सभी के लिए सुख शांति, समृद्धि की मंगल कामना की। भव्य है गुप्तेश्वर महादेव मंदिर: गुप्तेश्वर महादेव मंदिर एक प्राचीन शिवधाम है जो अपनी भव्यता को लिए तीव्र गति से एक उभरते हुए तीर्थ क्षेत्र के रूप में पहचान बना रहा है।
शांति मय वातावरण व पास ही बहती कल कल करती सरयू नदी प्राकृतिक सौंदर्य के साथ धार्मिक ऊर्जा प्रदान करती है। यह मंदिर 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का एक प्रमुख पड़ाव है जो वर्षों से साधकों तपस्वियों और श्रद्धालुओं के लिए भी महत्व पूर्ण रहा है। शिव एक चेतना हैं : मुख्य आचार्य डॉ. महीधर शुक्ल महाराज ने प्रवचन में शिवत्व की व्याख्या करते हुए कहा कि शिव केवल पूजय्नीय देवता नहीं बल्कि एक चेतना हैं। जीवन जीने की कला हैं। जब हमारे भीतर श्रद्धा होती है और हमारे कर्म संयमित होते हैं तब ही शिवत्व प्रकट होता है। उन्होंने युवाओं को धर्म, संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ने की अपील की। आयोजक व मुख्य कर्ताधर्ता पुरुषोत्तम तिवारी, कप्तान तिवारी के अलावा नंदकिशोर पांडेय, वीरेंद्र पांडेय, लीलाधर मिश्रा आदेश जैन, राकेश शुक्ला, शिवकुमार दीक्षित, लाल जी पांडेय, अशोक सिंह, अशोक सिंह, विकास द्विवेदी, कमलाकांत ,हनुमान गढ़ी महंत बलराम दास सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।