भाजपा नेता के अपहरण का प्रयास, विरोध पर चलाई गोली
Basti News - बस्ती में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सूरज सिंह सोमवंशी का अपहरण का प्रयास हुआ। रंगदारी की मांग के चलते उन पर गोली चलाने का प्रयास किया गया, लेकिन गोली नहीं चली। सूरज ने कोतवाली पुलिस...

बस्ती, निज संवाददाता। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सूरज सिंह सोमवंशी का बस्ती डॉक बंगले से शुक्रवार आधी रात अपहरण का प्रयास हुआ। विरोध करने पर उन पर गोली चला दी गई, हालांकि फायर नहीं हो पाया। घटना का कारण रंगदारी मांगना बताया जा रहा है। बताते चलें कि सूरज सिंह सोमवंशी एक जनप्रतिनिधि व भाजपा के प्रदेशीय पदाधिकारी से जुड़े बताए जा रहे हैं। देर रात 10 बजे कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता सूरज सिंह सोमवंशी का जिला अस्पताल बस्ती में स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में सूरज सिंह सोमवंशी पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजयुमो पुत्र रावेन्द्र सिंह सोमवंशी निवासी शिवाजीपुरम कटरा रोड प्रतापगढ़ ने बताया कि वह कामकाज, ठेका पट्टा व्यवसाय आदि के सिलसिले में बस्ती मंडल में आता जाता रहता हूं।
12 जून को एक व्यक्ति ने ने मोबाइल पर शाम को फोन किया और मिलने के लिए कहा। एवाइड करने के बाद रात में फिर से फोन किया तो नहीं उठाया। 13 जून को दोपहर डॉक बंगला बस्ती पर फोनकर्ता उनसे मिला। उसकी सफेद रंग की कार पर काली फिल्म लगी थी। उस व्यक्ति ने मिलते ही धमकी भरे लहजे में कहा कि अगर यहां पर ठेका पट्टा व व्यवसाय करना है तो तुमको कम से कम दो लाख रुपया प्रति माह देना पड़ेगा। वरना यहां पर नहीं रहने पाओगे। उसने कहा कि 13 जून की शाम सात बजे से रुपया पहुंचा दो। सूरज ने बताया कि जब उन्होंने उस व्यक्ति के बारे में पता किया पता चला कि यह खलीलाबाद शहर में रहता है और अपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है। उसने 13 जून को शाम करीब सात बजे और रात सवा ग्यारह बजे फोन किया। लेकिन मैंने डर से फोन नहीं उठाया। उसी रात 11.40 बजे मैं डॉकबंगले पर अपने मित्र का इंतजार कर रहा था। उसी समय वह व्यक्तिअपने दो साथियों के साथ आए। दरवाजा जबरन खोलवा कर पिस्टल लगा दिया। गाली देते हुए पिस्टल लोड फायर किया लेकिन उसकी गोली फंस गई। इसके बार मेरे ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। मुझे अपनी गाड़ी की तरफ खींचकर ले जाने का प्रयास करने लगे। किसी तरह मैं भागकर अपने को बाथरूम में बंद कर लिया। शोर शराबा और चीख पुकार सुनकर बगल के कमरे से अधिकारी बाहर निकले तो अपराधी वहां से भाग निकले। सूरज सिंह सोमवंशी ने हमले, रंगदारी मांगने और जान से मारने के प्रयास की लिखित तहरीर कोतवाली पुलिस को दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।