बभनान में आकाशीय बिजली की चपेट में आया किशोर, झुलसा
Basti News - बस्ती में मौसम ने सुबह और दोपहर की गर्मी के बाद शाम में बारिश के साथ बदलाव किया। बभनान क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोर झुलस गया। बारिश ने गन्ना और धान की फसल के लिए फायदेमंद साबित हुई।...

बस्ती, निज संवाददाता। सुबह और दोपहर में मौसम की तल्खी के बाद शाम में आसमान में बादल छा गए। आंधी चली। उसके बाद बारिश हुई। बभनान क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से किशोर झुलस गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। गौर थानाक्षेत्र के मंसूरनगर गांव में करीब ढाई बजे बारिश के दौरान घनश्याम के घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मकान के अगले हिस्से का छज्जा टूट गया और छत में दरार पड़ गई। बिजली की चपेट में आने से घनश्याम का 16 वर्षीय बेटा हिमांशु झुलस गया। आनन-फानन में उसे सीएचसी गौर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घनश्याम ने बताया कि बिजली इतनी तगड़ी थी कि घर के सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान फ्रिज, इनवर्टर, पंखा, कूलर खराब हो गए। घर की पूरी वायरिंग जल गई है। वहीं दूसरी ओर मानसून आने से पहले की बारिश से कहीं-कहीं मौसम नरम पड़ा तो गर्मी से निजात मिली। लेकिन, अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के कारण उमस बरकरार रहा। सुबह तेज धूप के साथ दिन की शुरूआत हुई। दोपहर में तापमान बढ़कर 40 पार पहुंच गया था। शाम तीन बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट बदला और काले बादल छा गए। उमड़ते-घुमड़ते बादल को देख लोग बारिश का अनुमान लगाने लगे। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश हुई, लेकिन शहर में बारिश नहीं हुई। इससे गर्मी से राहत नहीं मिली। सोनूपार क्षेत्र में बारिश हुई। बारिश से गन्ना फसल, धान नर्सरी आदि को फायदा पहुंचा। वहीं बारिश होने से उमस बढ़ी है, लेकिन तापमान में गिरावट दर्ज की गई। धान की नर्सरी लगाने में जुटे किसानों को ऐन वक्त पर बारिश का पानी मिला है। ऐसे में डीजल डालकर सिचाई करने से छुटकारा मिल गया। गौर, टिनिच, वाल्टरगंज, लालगंज आदि क्षेत्रों में बारिश हुई। कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के अनुसार अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 रहा। आगामी 24 घंटे में हल्के/आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।