मां बोले- पता होता बेटी लौटकर नहीं आएगी, कभी जाने को न कहती
Bijnor News - बिजनौर की दीपा सिंह ने अपनी बेटी तुष्टि को केदारनाथ यात्रा पर जाने के लिए कहा, लेकिन यह जिद उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गई। हेलीकॉप्टर क्रैश में तुष्टि और उसकी नानी की मौत हो गई। दीपा अपने निर्णय...

बिजनौर। वही होता जो नियती में लिखा है। मां दीपा सिंह की मानें तो उनकी बेटी तुष्टि केदारनाथ यात्रा पर नहीं जा रही थी, लेकिन उनकी जिद करने के बाद उसका प्लान बना। उन्हें क्या पता था कि यह जिद उन्हें तुष्टि से जीवनभर के लिए दूर कर देगी। केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश होने पर तुष्टि की मौत की खबर मिलते ही दीपा पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। वह रोते हुए बार-बार कर रही थी कि उन्हें नहीं पता था कि बेटी लौटकर नहीं आएगी, वरना कभी उसे जाने के लिए नहीं कहतीं। वरिष्ठ अधिवक्ता अतुल विक्रम की पत्नी दीपा सिंह को जब पता चला कि तुष्टि के नाना-नानी केदारनाथ दर्शन के लिए जा रहे हैं तो उन्होंने तुष्टि को भी उनके साथ जाने को कहा।
शुरू में तो तुष्टि का मन नहीं था, लेकिन मां के बार बार कहने पर तुष्टि अपने नाना-नानी और भाइयों के साथ केदारनाथ दर्शन जाने को राजी हो गई। रविवार सुबह केदारनाथ से गुप्तकाशी लौटने के दौरान हेलीकॉप्टर गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच क्रैश हो गया, जिसमें तुष्टि और उसकी नानी विनोद देवी की मौत हो गई। तुष्टि की मौत की खबर सुनकर उसकी मां दीपा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, रोते-रोते दीपा का कहना था कि मैंने ही तुष्टि को नाना-नानी के साथ केदारनाथ जाने के लिए जबरन कहा था। मेरे कहने पर ही तुष्टि केदारनाथ यात्रा पर गई थी। दीपा के अनुसार उनकी बेटी हर समय पढ़ती रहती थी, इसलिए उन्होंने भाइयों के साथ केदारनाथ जाने का प्लान बनवा दिया था। रोते बिलखते दीपा का कहना था कि मुझे अगर मालूम होता कि ऐसा हो जाएगा तो मैं तुष्टि को कभी भी केदारनाथ न भेजती। मां और बेटी को एक साथ एक खोया दीपा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, उसने अपनी मां विनोद देवी और बेटी तुष्टि को खो दिया। यह हृदयविदारक सूचना मिलते ही दीपा अचेत होकर नीचे गिर गई। उस समय घर में कुछ रिश्तेदार पहुंचे थे, उन्होंने किसी प्रकार दीपा को संभाला। हालांकि जिस समय यह सूचना मिली उस समय तुष्टि के पिता अतुल विक्रम सिंह माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गए हुए थे। उन्हें कटरा में इस हादसे की जानकारी हुई तो वह कार द्वारा तत्काल लौट बिजनौर के लिए चल दिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।