आगरा में भरभराकर गिरी इमारत, दो की मौत, कई लोग मलबे में दबे, SDRF की टीम मौके पर जुटी
आगरा में बड़ा हादसा हुआ है। एक इमारत भरभराकर गिरने के कारण नीचे दुकानों में मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ की टीम को बचाव और राहत के लिए बुलाया गया है। मलबे से आठ लोगों को निकाला गया है। इनमें दो लोगों की मौत हो गई है।

आगरा में बड़ा हादसा हुआ है। एक इमारत भरभराकर गिरने के कारण नीचे दुकानों में मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ की टीम को बचाव और राहत के लिए बुलाया गया है। मलबे से आठ लोगों को निकाला गया है। इनमें दो लोगों की मौत हो गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य में इंस्पेक्टर जगदीशपुरा आनंदवीर सिंह भी जख्मी हो गए। हादसा तीन दुकानों की बीच की दीवार तोड़कर एक करने के दौरान हुआ। मौके पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और बीजेपी विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी पहुंचे हैं।
घटना दोपहर 3:50 बजे की है। सगे भाई किशन चंद उपाध्याय, पुष्कर उपाध्याय (नगला अजीता) और विष्णु उपाध्याय (सेक्टर तीन) की सेक्टर सात में पांच दुकानें हैं। दो दुकानों में पहले शराब का ठेका था। एक अप्रैल को दुकानें खाली हुई थीं। एक दुकान में भांजे बृजेश और त्रिलोकी परचून की दुकान चलाते हैं। तीनों भाई तीन दुकानों के बीच की दीवार तोड़कर एक कर रहे थे। ठेका इस बार बराबर वाली मार्केट में खुला है। निमार्ण के लिए मजदूर बुलाए गए थे। तोड़फोड़ का काम चल रहा था। परचून की दुकान में बृजेश और दो ग्राहक मौजूद थे। दुकानों के ऊपर गार्डर पत्थर की छत थी। बीच में एक खंभा था। मजदूर उसे तोड़ रहे थे।
छत रोकने के लिए बल्लियों की रोक लगाई थी। अचानक तेज धमाका हुआ। पांचों दुकानों की छत भर-भराकर ढह गई। मिट्टी का गुबार उठा। कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था। लोग दहशत में आ गए। सड़क पर वाहनों के पहिए थम गए। कुछ देर में मिट्टी का गुबार बैठा तो लोगों के चीखने की आवाज आई। मलबे के नीचे कितने लोग दबे हैं। पता नहीं था। सूचना पर जगदीशपुरा थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, नगर निगम और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए। एक-एक करके करीब दो घंटे में नौ लोगों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला गया। हादसे में सगे भाई विष्णु उपाध्याय (60) व किशन चंद उपाध्याय (65) की मौत हो गई। दो घायलों की हालत गंभीर है। अन्य खतरे से बाहर हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार चल रहा है।