बोले बुलंदशहर : हादसों से बचाव को खुर्जा रोड पर बने गोल चक्कर
Bulandsehar News - खुर्जा रोड पर प्रतिदिन हजारों वाहन चलते हैं, जिससे जाम और हादसे बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोग गोल चक्कर, स्पीड ब्रेकर, और रजवाहे की चारदीवारी बनाने की मांग कर रहे हैं। गंदगी के ढेर भी समस्या का कारण बन रहे...
बुलंदशहर जिले में सबसे ज्यादा आवाजाही वाली सड़कों में शुमार खुर्जा रोड पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का रेला गुजरता है। यहां लगने वाले जाम की समस्या को खत्म करने के लिए कुछ वर्ष पहले डीएवी फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया था। फ्लाईओवर को इस प्रकार बनाया गया है कि अक्सर हादसे होते रहते हैं। स्थानीय बाशिंदों का दर्द है कि फ्लाईओवर से पहले एक गोल चक्कर बनना चाहिए, जिससे हादसों पर नियंत्रण लग सके। यहां से गुजरने वाली बहलीमपुरा रजवाहे की चारदीवारी होनी चाहिए। गंदगी और जाम से भी निजात की मांग की है। खुर्जा रोड सबसे व्यस्त मार्ग में शामिल है।
इस मार्ग पर कई बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान के साथ-साथ पॉश कॉलोनी और सड़क किनारे बाजार भी स्थित है। खुर्जा रोड पर लगने वाले जाम की समस्या को खत्म करने के लिए कुछ वर्ष पहले एक फ्लाईओवर बनाया गया था। यह फ्लाईओवर खुर्जा रोड से शुरू होकर रेलवे रोड और शिकारपुर रोड पर निकल रहा है। इसके अलावा इस फ्लाईओवर का एक प्रवेश और निकास द्वार लल्ला बाबू चौराहा की तरफ से भी है। फ्लाईओवर को बनाने का मकसद लोगों को राहत देना था। लेकिन वर्तमान में फ्लाईओवर पर दोनों तरफ वाहन चढ़ने और उतरने के चक्कर में यहां पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसलिए यहां के बाशिंदों ने फ्लाईओवर से पहले एक गोल चक्कर बनवाने की मांग की है। खुर्जा रोड के निवासियों ने बताया कि गोल चक्कर बनने से हादसों में काफी हद तक अंकुश लगेगा। क्योंकि जिस व्यक्ति को शिकारपुर रोड की तरफ जाना है तो वह उसी दिशा की तरफ जा सकेंगे। जबकि जिन लोगों को रेलवे रोड व लल्ला बाबू चौराहा की तरफ निकलना है तो भी सीधे दिशा की तरफ निकल सकेंगे। जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस समस्या की तरफ ध्यान देना चाहिए। यहां पर रात के समय सबसे ज्यादा हादसे होते हैं। जिसमें सबसे ज्यादा घटनाएं दो पहिया वाहन चालकों के साथ होती हैं। हालांकि फ्लाईओवर से पहले एक रंबल स्ट्रीप लगी हुई हैं, लेकिन यह रात में दिखाई नहीं देती। इस पर भी रिफ्लेक्टर लगने चाहिए। ताकि रात के समय दो पहिया चालक रंबल स्ट्रीप को देखकर अपने वाहन की रफ्तार को कम कर सकें। जगह-जगह बनने चाहिए ब्रेकर लोगों ने बताया कि खुर्जा रोड पर फ्लाईओवर बनने के बाद से ट्रैफिक बढ़ने लगा है। भारी वाहनों से लेकर हल्के वाहन तक इस मार्ग पर निकलते हैं। पहले जब फ्लाईओवर नहीं था तो इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बने हुए थे। इन स्पीड ब्रेकर को अब खत्म कर दिया गया है। जिस वजह से वाहन पूरी रफ्तार के साथ निकलते हैं। यदि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बन जाएंगे तो वाहन चालकों की रफ्तार नियंत्रित रहेगी और हादसों पर भी लगाम लग सकेगी। साथ ही यहां पर रफ्तार को नियंत्रित करने वाले दिशा-सूचक भी लगने चाहिए। ताकि वाहन सवारों को पता रहे कि कितनी रफ्तार खुर्जा रोड पर रखनी है। नहर पुल पर लगने वाले जाम से भी चाहिए निजात खुर्जा रोड के निवासियों ने बताया कि खुर्जा रोड वलीपुरा नहर पुल से होकर भी चार पहिया और दो पहिया वाहन निकलते हैं। आए दिन नहर पुल पर जाम लगा रहता है। जाम लगने की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जाम से निजात के लिए यातायात पुलिस को व्यवस्था बनानी चाहिए। कई-कई घंटों तक जाम लगने से लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी होती है। नहर पुल पर बनी सड़क भी ठीक नहीं है। जगह-जगह उसमें गड्डे हुए हैं। आए दिन इन गड्डों में दो पहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल होते रहते हैं। कम से कम जिला प्रशासन के अधिकारियों को इन गड्डों को भरने का तो काम करना चाहिए। ताकि लोगों को असुविधा ना हो। बहलीमपुरा रजवाहे की चार दीवारी का हो निर्माण खुर्जा रोड पर एआरटीओ कार्यालय के पास से एक रजवाहा निकल रहा है। जो गांव बहलीमपुरा होते निकल रहा है। इस समय रजवाहे में पानी छोड़ा गया है। बहलीमपुरा रजवाहे के पास से रजवाहे की दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को रजवाहे की चार दीवारी बनाने का काम करना चाहिए। हालांकि रजवाहे की कुछ जगह पर चार दीवारी बनाने का काम चल रहा है,लेकिन जहां-जहां काम चल रहा है, वहां से दीवार फिर से टूटने लगी है। इसकी शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों से की गई है। इस संबंध में पिछले दिनों एक शिकायती पत्र मुख्यमंत्री को भी भेजा गया है। ताकि रजवाहे की जो दीवार बनाई जा रही है, उसके निर्माण में लग रही सामग्री की जांच हो और चार दीवारी का काम ठीक प्रकार से हो सके। गंदगी के ढेरों से कब मिलेगी खुर्जा रोड के बाशिंदों को मुक्ति यूं तो नगर पालिका पूरे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का काम कर रही है। लेकिन खुर्जा रोड पर जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। यहां के लोगों ने बताया कि सड़क किनारे जा रही नालियों में जगह-जगह पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे उठती बदबू के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार नालियों की सफाई कराने के साथ-साथ गंदगी के ढेरों को उठाने के संबंध में शिकायती पत्र लिखा गया। उसके बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का लोगों ने जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की है। लोगों का दर्द जानिए खुर्जा रोड पर काफी दिक्कत हैं। यहां की दिक्कतों को जल्द से जल्द जिला प्रशासन के अधिकारियों को समाधान करना चाहिए। हादसे रोकने के लिए काफी काम इस मार्ग पर होने की आवश्यकता है। -नरेंद्र खुर्जा रोड पर बने फ्लाईओवर पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। यहां पर फ्लाईओवर के पास में एक गोल चक्कर का बनना अनिवार्य है। गोल चक्कर के बनने से ही हादसों में कमी आ सकती है। -ऋषिपाल जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान नगर पालिका के अधिकारियों को करना चाहिए। -पिंटू बहलीमपुरा रजवाहे की दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस दीवार का बनना आवश्यक है। क्योंकि रात के समय यहां पर वाहनों के रजवाहे में गिरने का खतरा बना रहता है। -दुष्यंत गुप्ता खुर्जा रोड से गांव बहलीमपुरा के लिए जाने वाले मार्ग के सामने कट बना हुआ है। इस कट पर भी सबसे ज्यादा हादसे होते हैं। कम से कम इस कट के पास रंबल स्ट्रीप बनना चाहिए। -श्यौराज सिंह रजवाहे को जाने वाली सड़क इस समय जर्जर हालत में हो चुकी है। इस सड़क में हुए गड्डों को भरने का काम संबंधित विभाग के अधिकारियों को करना चाहिए। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। -रवि नहर पुल पर अक्सर जाम लग जाता है। इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशानी स्थानीय लोगों को उठानी पड़ती है। यातायात पुलिस को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए ठोस प्लानिंग करनी चाहिए। -प्रिंस सड़क किनारे जा रही नालियों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। आने वाले दिन बरसात के है। ऐसे में यदि नालियों की सफाई नहीं की गई तो लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। -संतोष कुमार फ्लाईओवर के पास में एक गोल चक्कर बनना चाहिए। इस गोल चक्कर को इस प्रकार से बनाया जाए कि जिस वाहन सवार को शिकारपुर, रेलवे रोड व लल्ला बाबू चौराहा जाना है तो वह इस गोल चक्कर से घूमकर जाए। -गंगा शरण रजवाहे की दीवार का जो निर्माण कार्य हो रहा है। वह मानक के अनुसार नहीं हो रहा। क्योंकि जगह-जगह से चार दीवारी बनते ही टूटने लगी है। इसकी शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है। -हितेश कुमार ----------- सुझाव: 1.खुर्जा रोड पर बने फ्लाईओवर के पास बनना चाहिए एक गोल चक्कर। 2.बहलीमपुरा रजवाहे की चार दीवारी का जल्द से जल्द निर्माण कार्य हो पूरा। 3.वल्लीपुरा नहर पुल पर लगने वाले जाम से मिलनी चाहिए लोगों को निजात। 4.जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को तत्काल कराया जाए साफ। 5.गांव बहलीमपुरा रजवाहे पर बने कट पर स्पीड ब्रेकर से दिक्कत होगी दूर। शिकायत: 1.फ्लाईओवर के पास गोल चक्कर का निर्माण ना होने से दिक्कत। 2.बहलीमपुरा रजवाहे की चार दीवारी का निर्माण कार्य ठीक प्रकार से नहीं होना। 3.नहर पुल पर लगने वाले जाम से कब मिलेगी निजात। 4.जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को कब तक कराया जाएगा साफ। 5.गांव बहलीमपुरा के सामने कब तक कट पर लगेंगे स्पीड ब्रेकर। --------- कोट: खुर्जा रोड के लोगों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय प्रशासनिक स्तर की जो समस्याएं हैं, अधिकारियों से वार्ता कर उन्हें हल कराया जाएगा। शासन स्तर की समस्याओं को वहां अवगत कराने का काम किया जाएगा। -प्रदीप चौधरी, विधायक बुलंदशहर सदर -------- प्रस्तुति : गौरव शर्मा, फोटो : विश्वास सांगवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।