Residents of Housing Development Colony Struggle with Drainage Issues During Monsoon बोले बुलंदशहर : जलभराव खत्म हो तो मिले गंदगी से निजात, Bulandsehar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsBulandsehar NewsResidents of Housing Development Colony Struggle with Drainage Issues During Monsoon

बोले बुलंदशहर : जलभराव खत्म हो तो मिले गंदगी से निजात

Bulandsehar News - आवास विकास कॉलोनी द्वितीय के निवासी बरसात के दिनों में नारकीय जीवन जी रहे हैं। नाले का पानी ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर पालिका...

Newswrap हिन्दुस्तान, बुलंदशहरFri, 13 June 2025 06:45 PM
share Share
Follow Us on
बोले बुलंदशहर : जलभराव खत्म हो तो मिले गंदगी से निजात

आवास विकास कॉलोनी द्वितीय के बाशिंदे बरसात के दिनों में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो जाते हैं। इसके पीछे मुख्य वजह यह है कि नाला ओवरफ्लो हो जाता है। परिणामस्वरूप गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। जिस वजह से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल होता है। लोगों ने कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से इस समस्या के समाधान की गुहार लगाई, लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकल सका। आने वाला समय बरसात का है। ऐसे में नगर पालिका के अधिकारियों को नालों की सफाई करानी चाहिए। अब लोगों ने इस समस्या से निजात पाने के लिए आवाज को बुलंद किया है।

बुलंदशहर में अनूपशहर रोड पर आवास विकास कॉलोनी द्वितीय स्थित है, जिसमें करीब पांच हजार की संख्या में लोग निवास करते हैं। यहां पर बाजार भी है। जिसमें हर वक्त लोगों की चहलपहल रहती है। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि बरसात के दिनों में सबसे ज्यादा दिक्कत होती है, क्योंकि अनूपशहर बस अड्डे से आवास विकास द्वितीय की तरफ नाला आ रहा है। बरसात के दिनों में यह नाला ओवरफ्लो हो जाता है। नाले का गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। स्थिति ऐसी हो जाती है कि सड़क पर कई-कई फुट पानी भर जाता है। जिस वजह से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। नाले की सफाई नहीं होने के कारण अक्सर यह स्थिति बनी रहती है। नाले का पानी घरों से लेकर पार्क तक में जमा हो जाता है। बदबू के कारण लोगों का हाल-बेहाल हो जाता है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि नगर पालिका के अधिकारियों से इस नारकीय जीवन से मुक्ति दिलाने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, उसके बाद भी अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है। नाले की सफाई समय से होना शुरू हो जाएगी तो गंदे पानी के जमाव की समस्या से निजात मिल जाएगी। आने वाला समय बरसात का है। ऐसे में नगर पालिका के अधिकारियों को नालों की सफाई करानी चाहिए। ताकि बरसात के दिनों में लोगों को असुविधा का सामना ना करना पड़े। नगर पालिका के अधिकारी सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति करते हैं। इस व्यवस्था में सुधार होने की आवश्यकता है। ताकि लोगों को परेशान ना होना पड़े। सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर भी नगर पालिका के अधिकारियों को विचार करना चाहिए। ताकि नगर पालिका क्षेत्र को साफ और स्वच्छ बनाया जा सके। दीवारों पर नगर पालिका साफ-सफाई के स्लोगन तो लिख रही है, लेकिन कर्मचारियों की संख्या जब तक नहीं बढ़ेगी तो शहर किस प्रकार साफ होगा। इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। कॉलोनी के पार्कों की हालत खस्ता आवास विकास द्वितीय में कई पार्क बने हुए हैं। कुछ पार्क की वर्तमान में स्थिति ठीक नहीं है। जो पार्क ठीक नहीं हैं उन्हें सही कराने की मांग लगातार उठ रही है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि नगर पालिका का पार्क की तरफ कोई खास ध्यान नहीं है। पार्क में लोग सुबह और शाम को टहलने के लिए आते हैं। नगर पालिका के अधिकारियों को पार्क की स्थिति को सुधारना चाहिए। क्योंकि कॉलोनी के छोटे-मोटे कार्यक्रम इन पार्कों में आयोजित हो जाते हैं। समय से सफाई नहीं होने और अनदेखी के कारण पार्क की हालत खराब हो गई है। ------ जगह-जगह से टूटी पड़ी हैं सड़क आवास विकास द्वितीय के लोगों ने बताया कि कहने को यह इलाका पॉश क्षेत्र है। सड़कों की हालत पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। मुख्य सड़क में जगह-जगह सड़क में गड्डे हो गए हैं। जिस पर लोगों का चलना भी मुश्किल हो रहा है। आए दिन बाइक सवार लोग गड्डे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से कॉलोनी की सड़क बनाने के लिए अनुरोध किया गया। उसके बाद भी अभी तक सड़क नहीं बन सकी है। बरसात के दिनों में इन गड्डों में पानी जमा हो जाता है। कई-कई दिनों तक पानी नहीं निकलने पर उसमें मच्छर पनपने लगते हैं। जिस वजह से आसपास के घरों में बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस समस्या का निस्तारण करना चाहिए। जनप्रतिनिधि भी कॉलोनी की समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिस वजह से लोगों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। -------- बंदरों और कुत्तों का भी बढ़ रहा आतंक कॉलोनी के लोगों ने बताया कि बंदरों और आवारा कुत्तों का आंतक भी चरम पर है। आए दिन बंदरों का झुंड लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। स्थिति ऐसी है कि लोग अपने-अपने घरों से बाहर नहीं निकलते। घरों के बाहर बच्चों को भी नहीं जाने दिया जाता। क्योंकि पता नहीं कब बंदरों का झुंड उन पर हमला कर दें। रात के समय कुत्ते घरों के बाहर भौंकते हैं। जिस वजह से लोगों की रात की नींद खराब हो जाती है। नगर पालिका के अधिकारियों को बंदरों और कुत्तों के आंतक से निजात दिलानी चाहिए। बीते दिनों नगर पालिका की ओर से बंदर और कुत्तों को पकड़ने का टेंडर छोड़ा था। अभी तक धरातल में काम नहीं हो सका है। बुलंदशहर की शायद ही ऐसी कोई कॉलोनी होगी। जहां पर बंदरों और कुत्तों के आंतक से लोग परेशान ना हो। -------- लोगों का दर्द जानिए आवास विकास में सबसे बड़ी समस्या पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं होना है। बरसात के दिनों में मोहल्ले के लोगों को इससे सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। -केशव दत्त शर्मा अनूपशहर बस अड्डे से कॉलोनी में जो नाला आ रहा है। उस नाले की कई-कई महीनों तक सफाई नहीं होती। जिस वजह से उसका गंदा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। इससे मोहल्ले के लोगों को दिक्कत होती है। -नन्नी देवी बरसात के दिनों में आवास विकास के लोग नारकीय जीवन पर मजबूर हो जाते हैं। लोगों को पानी भरने के बाद अपने मकान की दूसरी मंजिल पर शरण लेनी पड़ती है। -अजय कुमार जगह-जगह से सड़क टूटी पड़ी है। आए दिन बाइक सवार लोग जर्जर सड़क की वजह से चोटिल हो रहे हैं। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से सड़क बनवाने की गुहार लगाई जा चुकी है। -सुमित कुमार कॉलोनी में बने पार्क की हालत पूरी तरह से खस्ताहाल हो गई है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस पार्क की सुध लेनी चाहिए। ताकि लोगों की परेशानी दूर हो सके। -पम्मी देवी बंदरों और कुत्तों के आंतक से पूरी कॉलोनी परेशान है। मकान की छत पर कपड़े सुखाने के लिए जब महिलाएं जाती हैं तो बंदरों का झुंड उन पर हमला कर देता है। -विमलेश कुमारी कॉलोनी में आ रहे नाले की सफाई नहीं होने से परेशानी हो रही है। नगर पालिका के अधिकारियों को बरसात के पहले नाले की सफाई करानी चाहिए। ताकि मोहल्ले में बरसात के दिनों में जलभराव ना हो। -अनुराधा सफाई के नाम पर नगर पालिका खानापूर्ति करने का काम करती है। यदि नियमित रूप से नाले और सड़कों की सफाई होगी तो लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। -नीरज देवी बरसात के दिनों में पूरी कॉलोनी का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। क्योंकि सड़क पर कई-कई फुट पानी जमा हो जाता है। इससे स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। -बिजेंद्र कुमार कॉलोनी की सड़क कई जगह से टूट गई है। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों को कॉलोनी के लोगों की समस्याओं की तरफ ध्यान देना चाहिए। -धर्मेंद्र ------ सुझाव: 1.पानी की निकासी का होना चाहिए उचित प्रबंध। 2.नाले की नियमित रूप से सफाई होने से जलभराव से मिल सकती है निजात। 3.बंदरों और कुत्तों को पकड़ने का चलना चाहिए लंबा अभियान। 4.पार्क की हालत सुधारने की दिशा में करनी चाहिए पहल। 5.सड़क बनने से कॉलोनी के लोगों को मिल सकती है राहत। शिकायत: 1.पानी की निकासी का कब तक होगा निस्तारण। 2.नाले की नियमित रूप से क्यों नहीं हो रही सफाई। 3.बंदरों और कुत्तों को पकड़ने का अभियान कब होगा शुरू। 4.पार्क की हालत सुधारने के लिए क्या किया जा रहा इंतजाम। 5.सड़क बनने में क्यों हो रही है देरी। ------ कोट: आवास विकास द्वितीय के लोगों की समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा। कॉलोनी में जल्द ही सड़क निर्माण होगा और नाले की भी नियमित रूप से सफाई कराई जाएगी। -दीप्ति मित्तल, अध्यक्ष, नगर पालिका बुलंदशहर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।