शहर में हल्की बारिश, देहात में जमकर बरसे बादल, गर्मी से राहत
Bulandsehar News - मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर बदलाव दिखाया। सुबह बादलों के बीच हवाएं चलीं और गर्मी में राहत मिली। दोपहर में हल्की बारिश हुई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में राहत मिली। हालांकि, शहर में उमस बढ़ गई। अधिकतम...

मौसम का मिजाज मंगलवार को एक बार फिर बदल गया। सुबह बादलों की आवाजाही का मौसम बना रहा। हवाओं के चलने से गर्मी में राहत मिली, लेकिन दिन बढ़ने के साथ ही कभी धूप तो कभी छांव का मौसम हो गया। दोपहर के समय हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरु हो गई। वहीं देहात क्षेत्रों में जमकर बादल बरसे। जिससे लोगों को गर्मी में राहत मिली। वहीं शहर में हल्की बारिश के चलते उमस का असर बढ़ गया। इससे लोगों को उमसभरी गर्मी का अहसास हुआ। न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी है।
पिछले कई दिनों से तपिश की मार झेल रहे लोगों को मंगलवार को राहत मिली, लेकिन उमसभरी गर्मी ने परेशान कर दिया। सुबह के समय हवाओं के साथ धूप-छांव का मौसम रहा। दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। रूक-रूककर हुई बारिश से उमस का असर बढ़ गया। इससे लोग पसीना-पसीना रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बारिश का इंतजार करते रहे, मगर देहात क्षेत्रों में हुई बारिश से मौसम सुहाना रहा। गुलावठी में कुछ देर की बारिश ने ही गर्मी से राहत दिलाई। गर्मी से बचने के लिए बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते नजर आए। इसके बाद आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ होती रही। वहीं तापमान में एक डिग्री और गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक तेज हवाओं के साथ बारिश की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया जाएगा। आगामी कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है। - बारिश से यातायात हुआ प्रभावित दोपहर के समय रूक-रूककर हुई बारिश के बाद यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। राहगीर और दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।