ईद उल अजहा आज, अल्लाह की राह में देंगे कुर्बानी
Deoria News - मुस्लिम समुदाय शनिवार को बकरीद की नमाज पढ़ेगा और अल्लाह की राह में कुर्बानी देगा। सभी ईदगाहों में नमाज के लिए तैयारियाँ पूरी की गई हैं। देर रात तक कुर्ता-टोपी और सेंवई की खरीदारी जारी रही। स्लॉटर हाउस...

देवरिया/रामपुर कारखाना, हिन्दुस्तान टीम। मुस्लिम समुदाय के लोग शनिवार को बकरीद की नमाज पढ़ेंगे और फिर अल्लाह की राह में कुर्बानी पेश करेंगे। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में सेंवई और सिरमाल की दुकानों पर देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। जुमे की नमाज के पहले मस्जिदों में पेश इमाम ने बकरीद की नमाज के बाद कुर्बानी पेश करने का तारीफ बयान किया। शनिवार को मालवीय रोड स्थित जामा ईदगाह समेत जिले की सभी ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज पढ़ी जाएगी। ईद उल फितर के बाद केवल बकरीद की नमाज ही ईदगाह में पढ़ी जाती है। इसके लिए इंतजाम कर्ताओं ने टेंट, चटाई, पंखा, बिजली और जनरेटर का इंतजाम पूरा कर लिया है।
ईद उल अजहा की नमाज से पहले मुस्लिम भाइयों ने जिले की सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की। रामपुर कारखाना मदीना मस्जिद पेश इमाम हाफिज मोहम्मद आदिल ने कहा कि ईद उल अजहा की नमाज पढ़ने के बाद तीन दिन तक अल्लाह की राह में कुर्बानी दी जा सकती है। जो लोग माले निसाब हों यानी जिन पर जकात वाजिब है, उन्हें अल्लाह की राह में कुर्बानी जरूर पेश करनी चाहिए। कुर्बानी के जानवर के शरीर पर जितने बाल होते हैं, कुर्बानी पेश करने वाले को अल्लाह ताला उतनी नेकियां अता फरमाता है। हाफिज मोहम्मद जावेद कहते हैं कि कुर्बानी का जानवर कयामत के दिन पुल सरात पार कराएगा। हदीस में आता है कि पुल सरात तलवार की धार से भी पतला होगा। जिस पर चलकर जन्नत का रास्ता हासिल किया जा सकता है। जिन पर जकात फर्ज है, उन्हें अल्लाह की राह में कुर्बानी पेश करने से नहीं हिचकना चाहिए। देर रात तक चलती रही कुर्ता-टोपी और सेंवई की खरीदारी मुस्लिम भाइयों के लिए दूसरा सबसे बड़ा पर्व ईद उल अजहा शनिवार को मनाया जाएगा। मुस्लिम भाई ईदगाह में नमाज पढ़ेंगे और फिर अल्लाह ताला की राह में कुर्बानी पेश करना शुरू कर देंगे। नमाज के पहले देर रात तक युवा और बच्चे कुर्ता टोपी की खरीदारी में लग रहे। इसी तरह सेंवई की दुकानों पर भी देर शाम तक भीड़ लगी रही। जबकि महिलाएं कॉस्मेटिक की दुकानों पर देर शाम तक जमी रही। स्लॉटर हाउस का सीओ ने किया निरीक्षण क्षेत्राधिकार सदर संजीव कुमार रेड्डी ने शुक्रवार की शाम कौला छापर स्थित स्लॉटर हाउस का निरीक्षण किया। स्लॉटर हाउस में 3 दिन तक कुर्बानी की जाती है। ग्राम प्रधान मोहम्मद रफ़ी खान से सीओ सदर ने साफ सफाई रखने और नमक का इंतजाम करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मौजूद इंस्पेक्टर गोरखनाथ सरोज से सीओ सदर ने स्लॉटर हाउस में मोबाइल से फोटो खींचने और वीडियो बनाने पर पाबंदी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने चहारदीवारी के बाहर मांस को ढक कर ले जाने की ताकीद की। सीओ ने कहा कि तीन दिनों तक बीट सिपाही को गांव में ही तैनात रहेंगे। प्रतिबंध पशु का कुर्बानी करने पर सीओ सदर ने सख्त कार्रवाई करने की बात कही। नमाज का वक्त जामा ईदगाह 6:30 जामा मस्जिद 7:00 छोटी मस्जिद 6:00 अली नगर मस्जिद 6:00 अहमद नगर 6:15 महुआबारी 6:15 मज़ार शरीफ 6:15 न्यू कालोनी 6:30 रामपुर कारखाना मस्जिद अक्सा 5:45 नई मस्जिद 6:30 जामा ईदगाह 7:00
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।