गोरखपुर से शातिर बदमाश समेत कईयों को पुलिस ने उठाया
Deoria News - एकौना (देवरिया) में दुष्कर्म के मामले में गवाह एक महिला को गोली मारी गई। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी तक मामले की गुत्थी सुलझाने में असफल रही है। महिला का इलाज गोरखपुर में चल रहा...

एकौना (देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। दुष्कर्म के मामले में गवाह एक महिला को मारी गई गोली की गुत्थी सुलझाने की राह पुलिस के लिए आसान नहीं दिख रही है। पुलिस इस मामले में गोरखपुर के एक शातिर बदमाश समेत कईयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि देर शाम तक घटना का तार जोड़ने में पुलिस सफल नहीं हो पाई थी। पुलिस अधिकारी जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश कर देने का दावा जरुर कर रहे हैं। एकौना थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला की तबीयत खराब चल रही थी। रविवार की दोपहर को वह पचलड़ी चौराहे पर दवा कराने के लिए गई थीं।
दवा कराकर अभी रमपुरवा के समीप पैदल पहुंची थी, इस बीच दो बाइक से सवार चार लोग पहुंचे और उन्हें रोक गोली मार दी। महिला को उपचार के लिए गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने पति की तहरीर पर सगी बेटी समेत चार के विरुद्ध केस दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जब नामजद होने की सूचना बेटी को मिली तो वह खुद ही थाने पहुंच गई। पुलिस ने उससे घंटों पूछताछ की। उसने गोरखपुर के एक बदमाश का नाम भी बताया। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके अलावा भी पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। परिजनों ने तो पुलिस को दुष्कर्म के मामले में गवाही न हो, इसके लिए गोली मारने की बात बताई है। जबकि पुलिस की जांच में कई बिंदू सामने आ गए हैं।जिसके बाद पुलिस अब उन बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। खास बात यह है कि जिनको नामजद किया गया है, उनका लोकेशन कई किलोमीटर की परिधि में भी नहीं मिली है। जिसके चलते आरोपियों के नामजद होने के बाद भी पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में सफल नहीं हो पा रही है। एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रकरण की गुत्थी सुलझाने को टीमें लगी हैं। जल्द ही इसका पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।