शादी के बाद भी दिल से नहीं निकल पा रहा था पहला प्यार, प्रेमिका ने दी जान, प्रेमी ने निगला जहर
मुजफ्फरनगर में एक नवविवाहिता ने सोमवार को जहर खाकर जान दे दी। वह किसी और से प्यार करती थी। उसका प्यार दिल से निकल ही नहीं रहा था। प्रेमिका के जहर खाकर जान देने की खबर सुनकर उसके प्रेमी ने भी जहर खा लिया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

यूपी के मुजफ्फरनगर में शादी के बाद भी पहला प्यार नवविवाहिता के दिल से निकल नहीं पा रहा था। प्रेमी से जुदाकर कहीं और की गई शादी उसे बर्दाश्त नहीं हो रही थी। शादी के बाद मायके आने पर सोमवार को प्रेमी के लिए उसकी तड़प इतनी ज्यादा बढ़ गई कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे लेकर लोग अस्पताल भागे। प्रारंभिक इलाज के बाद उसे डिस्चार्ज भी कर दिया गया। घर आने पर उसकी हालत फिर बिगड़ी और मौत हो गई। प्रेमिका की मौत की जानकारी मिलते ही प्रेमी युवक ने भी जहर खा लिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। विवाहिता की एक माह पहले ही बिजनौर में शादी हुई थी। प्रेमी युवक के साथ कई साल से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बाद भी शादी कहीं और कर दी गई थी। 15 दिन पहले ससुराल से नवविवाहिता मायके आई थी। मामला मोरना क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ का है।
गांव बिहारगढ़ निवासी नवविवाहिता ने रविवार की सुबह विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के समय परिजन खेतों में काम करने के लिए गए हुए थे। नवविवाहिता की हालत बिगड़ने पर आस पड़ोस के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। हालत में सुधार होने पर परिजन नवविवाहिता को घर ले आये मगर कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर पुन:अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर जैसे ही प्रेमिका की मौत की जानकारी प्रेमी युवक को हुई तो उसने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक दूसरे गांव इलाहाबास का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। उधर भोपा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। किसी प्रकार की जानकारी या फिर लिखित शिकायत मिलती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।