बोले फिरोजाबाद: उर्दू नगर: घरों के बाहर जलभराव पीने के पानी को तरसते हैं लोग
Firozabad News - उर्दू नगर का क्षेत्र नगर निगम का हिस्सा है, लेकिन यहाँ की स्थिति बेहद दयनीय है। कच्ची गलियाँ, जलभराव और गंदगी की समस्या लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है...
नगर निगम का ही एक हिस्सा है उर्दू नगर सीवर टैंक वाला क्षेत्र। इसके बाद भी इस क्षेत्र में जाने पर पिछड़े हुए देहाती क्षेत्र जैसे हालात दिखाई देते हैं। मुख्य सड़कों के नाम पर कच्ची गलियां हैं, जिन पर बरसात में जलभराव से लोगों का राह निकलना मुश्किल होता है। चौंकाने वाली बात यह है कि एक तरफ जहां हर तरफ स्वच्छता की बात की जा रही है तो इस इलाके में पहुंचने पर घरों के गंदे पानी की निकासी के लिए भी नालियां नहीं हैं। क्षेत्र में जगह जगह पर कूड़े के ढेर लगे हुए दिखाई देते हैं तो खाली प्लॉट में पड़ी गंदगी से क्षेत्र में कभी भी बीमारियां फैल सकती हैं।
हिन्दुस्तान ने बोले फिरोजाबाद के तहत स्थानीय महिला पुरुषों से संवाद किया तो नगर निगम के खिलाफ लोगों में आक्रोश दिखाई दिया। आक्रोश की वजह भी है सालों से इस क्षेत्र के लोग हर बरसात में जलभराव का दर्द झेलते हैं। कई फुट पानी में से पुरुषों का भी निकलना मुश्किल हो जाता है तो इस स्थिति में बच्चे, बुजुर्ग घरों में कैद होकर रह जाते हैं। दस से 15 दिन तक बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं तो जिन घरों में चूड़ी का काम होता है, उनका रोजगार भी छिन जाता है, क्योंकि जब क्षेत्र में पानी भरा हो तो कच्चा माल कहां से आए। क्षेत्र के पिछड़ेपन का आलम यह है कि कई बेटियां कक्षा आठ के बाद पढ़ी नहीं हैं तो जिनका स्कूलों में दाखिला है तो सिर्फ उनका नाम चल रहा है। यह बच्चे घरों में ही चूड़ी के काम में लगे रहते हैं। गंदे पानी से गुजरना इनकी रोज की नियति बन गई है तो नलों से निकल रहे गंदे पानी से दिनचर्या के जरूरी काम करना मजबूरी। क्षेत्रीयजनों का कहना है कि कई लोग तो निगम की अनदेखी के कारण बने बनाए मकान छोड़ने को विवश हैं। बरसात में पानी भर जाने पर घरों में ताला डाल जाते हैं। निगम के विकास कार्यों पर सवाल खड़े करते हुए लोग कहते हैं कि आखिर नगर निगम करोड़ों रुपये का विकास कहां करा रहा है। पहले नगर निगम में शामिल नई आबादी को विकास की जरूरत है, लेकिन नगर निगम द्वारा जहां पर विकास की जरूरत नहीं है, उन सड़कों को चमकाने में ही धन की बर्बादी की जा रही है। निगम की लापरवाही से कमजोर हो रहे मकान इधर नगर निगम की लापरवाही से यहां पर बने हुए मकान भी कमजोर हो रहे हैं। लोगों ने जैसे-तैसे जमा-पूंजी जोड़ कर यहां पर मकान खड़े किए। निगम के विकास की आस में सालों गुजार दिए। आस-पास की गलियां बनती गई तो इन गलियों से भी पानी इनके घरों के सामने ही भरने लगा। हालात यह हो गए हैं कि बरसात में कई फुट पानी भरता है तो वो धीरे-धीरे इनकी नींव को ही कमजोर बना रहा है। इनकी बात क्षेत्र में लोगों को स्वच्छ पेयजल भी नहीं मिल पा रहा है। सीवर लाइन के लीकेज से इतना गंदा पानी आता है कि उस गंदे पानी से कपड़े भी नहीं धो सकते हैं। इस क्षेत्र में न तो गलियां हैं तथा न ही सड़कें। सरकार पानी भी मुहैया नहीं करा पा रही है। -अफरोज भाई बरसात में तो यहां पर रहना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार सीवर लाइन उफनने लगती है। नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में रहने वालों को मूलभूत सुविधाएं भी मुहैया नहीं कराई जा रही हैं। इससे भी लोग परेशान हैं। -आसिफ बरसात में गलियों में कई-कई फुट पानी भर जाता है। उस स्थिति में लोगों का घर से निकलना भी दूभर हो जाता है। बच्चे भी बहुत परेशान होते हैं कई बार तो लोग बरसात में जलभराव होने के कारण अपने घरों में ताला डाल कर अन्यत्र चले जाते हैं। -छोटे अली इस क्षेत्र की तरफ नगर निगम का ध्यान नहीं है। गलियों में सफाई करने वाले भी यहां पर नहीं आते हैं। क्षेत्र की जनता समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए नगर निगम के अधिकारियों से भी गुहार लगा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो सकी। -जाबिद अली क्षेत्र में विकास कार्य नहीं होने से बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गलियों पर लोग ठोकरें खाते हैं। गलियों में सड़क तो नहीं है, लेकिन कई-कई फुट ऊंचे मेनहोल के ढक्कन उठे हुए हैं। इससे ठोकर खाकर लोग भी चुटैल एवं परेशान हो रहे हैं। -मो.अली पानी की क्षेत्र में बहुत दिक्कत है। साफ पानी पीने के लिए नहीं मिल रहा है तो पाइप लाइन में गंदा पानी आता है। समूचा क्षेत्र परेशान है। गलियों के हालात गांव से भी बदहाल स्थिति में हैं। निगम के अधिकारियों के साथ में किसी भी जनप्रतिनिधि का ध्यान इस तरफ नहीं जा रहा है। -अबरार अली हमारी गली में तो बीच सड़क पर घरों से निकलने वाला गंदा पानी बह रहा है। घर के सामने हर वक्त गंदगी रहती है। नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। क्षेत्र की एक बड़ी आबादी निगम की लापरवाही के चलते परेशानी का दंश झेल रही है। -अनम गली में बगैर बरसात के कीचड़ भरी रहती है। नाली नहीं बन पाने के कारण गली में ही घरों का पानी जमा होकर नाली बनाकर गंदा पानी बह रहा है। हर वक्त ही गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। पूरा क्षेत्र परेशान है, लेकिन निगम इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। -बेबी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।