Water Crisis in Durgesh Nagar Residents Demand Solutions to Salty Water Supply बोले फिरोजाबाद: खारे पानी से बुझा रहे प्यास, कब पूरी होगी गंगाजल की आस, Firozabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsFirozabad NewsWater Crisis in Durgesh Nagar Residents Demand Solutions to Salty Water Supply

बोले फिरोजाबाद: खारे पानी से बुझा रहे प्यास, कब पूरी होगी गंगाजल की आस

Firozabad News - दुर्गेश नगर में पानी की गंभीर समस्या है। लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा सप्लाई किया जाने वाला पानी इतना खारा है कि इसे पीना संभव नहीं है। महिलाएं पार्षद से मदद मांगती हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं...

Newswrap हिन्दुस्तान, फिरोजाबादWed, 18 June 2025 12:50 AM
share Share
Follow Us on
बोले फिरोजाबाद: खारे पानी से बुझा रहे प्यास, कब पूरी होगी गंगाजल की आस

दुर्गेश नगर में प्रवेश करते ही वहां के हालातों को लेकर अंदाजा लगाया जा सकता है। गली नम्बर एक से लेकर 11 में जब लोगों से बातचीत तो बताया कि उनको सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की है। यहां पर नगर निगम के 25 नम्बर ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई दी जाती है। इस ट्यूबवेल का पानी इतना खारा है कि उसको मुंह में नहीं दिया जाता, लेकिन लगातार इसी से पानी गलियों में सप्लाई किया जा रहा है। नमक जैसा पानी बर्तनों में जम जाता है और नलों में पानी जमकर टोटियों को खराब कर देता है। शरीर पर चिपचिपापन रहता है।

खारे पानी को कब तक पीया जा सकता है। महिलाओं ने बताया कि कई बार पार्षद को लेकर वे नगर निगम में अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। अब इस पीने के पानी को लेकर भी नगर निगम से जंग लड़नी होगी तो स्मार्ट सिटी में रहने का क्या फायदा। रातभर जागना पड़ता है और जब ट्यूबवेल से सीधे सप्लाई मिलती है तभी पानी को भरने में लग जाते हैं। अगर खारा पानी भी नहीं भरा तो रोजमर्रा के काम नहीं हो पाएंगे। महिलाओं ने कहा कि इस समस्या की ओर तो नगर निगम को स्वयं संज्ञान लेना चाहिए। जो जेड़ाझाल का पानी शहर में सप्लाई किया जा रहा है उसे ही हमारी सारी 11 गलियों में दिला दिया जाए। इससे पानी की मूलभूत समस्या का हल निकल जाएगा। बाकी समस्याओं के लिए तो बाद में नगर निगम से कहा जाए। पार्षद ने जलनिगम में दिया धरना वार्ड के सभासद नूरूल हुदा लाला राइन ने बताया कि हजारों लोगों की समस्या को लेकर वह जलनिगम में हाल ही में धरना दे चुके हैं लेकिन अधिकारियों द्वारा समस्या समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया। अब इस समस्या को लेकर बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा। लोग आश्वासनों पर नहीं जी सकते उनको पीने के पानी की जरूरत है और नगर निगम द्वारा इसे पूरा नहीं किया जा रहा। आखिर कब तक ये लोग खारा पानी पीते रहेंगे। इन गलियों में है पानी की समस्या दुर्गेश नगर की गली नम्बर एक, दो, तीन, चार, पांच, छह, सात, आठ, नौ, 10, 11 नम्बर गली में पानी की समस्या है। लोगों का कहना है कि इस खारे पानी ने हमारा जीना दुश्वार कर दिया है। कुछ गलियों में पानी का प्रेशर नहीं आता जिससे लोगों को हर समय पानी को मशीन लगाकर चेक करना पड़ता है कि कब सप्लाई मिल जाए और वे पानी से वंचित रह जाएं। ये दर्द गहरा है गली में सफाई की व्यवस्था में भी सुधार की जरूरत है। कई बार कूड़ा लेने वाला नहीं आता तो दिक्कत आती है। सारा दिन कूड़ा गली में घरों के बाहर ही पड़ा रहता है। कम से कम कूड़े वाले को समय पर और प्रतिदिन आना चाहिए जिससे सफाई व्यवस्था बनी रहे। -रानी नालियों की सफाई प्रतिदिन होनी चाहिए। नालियों में सिल्ट और कचरा फंस जाता है। इससे गलियों में पानी रुकने से मच्छर पनपने लगता है। इससे संक्रामक बीमारियां भी गर्मी में फैलने की संभावना बनी हुई है। इस ओर भी ध्यान देने की जरूरत है। -सायरा बानो दुर्गेश नगर की एक दो नहीं पूरी 11 गलियों में खारे पानी की समस्या है। इस समस्या को अगर नगर निगम हल करा दे तो हम लोगों पर अहसान होगा। कम से कम हम लोग अपनी जिंदगी जी सकेंगे। खारे पानी की वजह से पानी को पीने में दिक्कत आती है। -सहाना खारा पानी अक्सर बर्तनों में रखा रह जाए तो वह जम जाता है। चाहे प्लास्टिक की बाल्टियां हों या फिर स्टील के बर्तन। सभी पर खारा पानी अपना असर छोड़ जाता है। इससे बर्तन पुराने और खराब होने लगते हैं। खारे पानी से निजात की जरूरत है। -सारिक कई बार नगर निगम में जाकर पार्षद के साथ में ज्ञापन दिया, हंगामा किया लेकिन हमारी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। पता नहीं क्यों नगर निगम हमें खारे पानी से निजात दिलाने की दिशा में काम नहीं कर रहा। -शमशुल बेगम रात को जब नींद खुल जाती है तभी पानी की सप्लाई को चेक करना पड़ता है। लगता है कब पानी की आपरेटर द्वारा सप्लाई कर दी जाए। इससे रात की नींद भी खराब हो जाती है। ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई का समय निर्धारित होना चाहिए। - रहीमुद्दीन पीने के पानी को लेकर नया ट्यूबवेल लगा दिया जाए जिससे हमारी समस्या हल हो जाएगी। न हमको जेड़ाझाल का पानी मिलता दिख रहा है और न खारे पानी से निजात। आखिर कब तक हम नगर निगम की ओर समस्या हल होने की टकटकी लगाए रहें। -हामिद पूरी रात जागकर हमको खारे पानी को भरना पड़ता है। ट्यूबवेल वाला आपरेटर कब पानी की सप्लाई कर देता है पता नहीं चलता। आखिर पानी की सप्लाई का भी एक समय निर्धारित होना चाहिए जिससे किसी प्रकार की समस्या नहीं आए। -तस्लीम

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।