गोंडा भाजपा जिलाध्यक्ष मेरे भाई जैसे, वायरल वीडियो को महिला ने बताया साजिश, कराई FIR
यूपी के गोंड भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बमबम के वीडियो वायरल होने के मामले नया मोड़ आ गया है। एक महिला में वीडियो में खुद के होने बात कहते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने इसे साजिश बताया है। कहा कि वो मेरे भाई जैसे हैं।

यूपी के गोंडा जिले में रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बमबम के वीडियो वायरल होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिले की एक महिला वीडियो में खुद के होने की बात कहते हुए छपिया थाने ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के साथ मौजूद है। इस वीडियो को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गलत तरीके से राजनीतिक द्वेषवश वायरल किया है। वीडियो को गलत तरीके से वायरल कर उसे और भाजपा जिलाध्यक्ष को बदनाम किया जा रहा है, जो सरासर गलत है। महिला का कहना है कि भाजपा जिलाध्यक्ष बड़े जैसे हैं।
महिला का कहना है कि वीडियो वायरल होने से उसके मान सम्मान को ठेस पहुंची है। एसओ संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप के दो वीडियो वायरल हुए, जिसमें वह महिला को गले लगाते दिख रहे हैं। यह वीडियो 12 अप्रैल का बताया जा रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सोशल मीडिया पर रविवार को दो सीसीटीवी फुटेज वायरल हुए। पहली फुटेज में पार्टी कार्यालय के अंदर चार पहिया वाहन आता दिख रहा है। जिलाध्यक्ष उसी वाहन से उतरते हैं। तभी एक आदमी गेट पर आता है और वह उससे बात करने लगते हैं। इसके बाद वाहन से एक महिला उतरती है। महिला को जिलाध्यक्ष कार्यालय में अंदर जाने के लिए इशारा करते हैं। वहीं दूसरी ओर वीिडयो फुटेज में जिलाध्यक्ष सीढ़ियों के पास उस महिला को आलिंगन करते दिखाई देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष की सफाई
इस वायरल वीडियो पर भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि वह पार्टी की सक्रिय महिला सदस्य को चक्कर आने पर सहारा दे रहे थे। कुछ लोग राजनीतिक दुर्भावनावश गलत तरीके से वीडियो वायरल कर रहे हैं।
सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया
भाजपा के गोंडा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने नोटिस जारी करते हुए उनसे सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। गोविंद नारायण शुक्ल ने कहा,उनके इस आचरण से पार्टी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के निर्देश पर उन्हें नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अगर जवाब तय समय में नहीं आता है या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होता है तो उनपर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।