गोरखपुर सिविल लाइंस में घर में घुसकर सगी बहनों को गोली मारने वाला मनबढ़ गया जेल
Gorakhpur News - गोरखपुर में सिविल लाइंस एरिया में एक सिरफिरे ने सगी बहनों पूजा और नैंसी को गोली मार दी। आरोपी मनदीप, जो पूजा से शादी के लिए दबाव बना रहा था, गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों बहनों को अस्पताल से छुट्टी...
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। सिविल लाइंस एरिया में घर में घुसकर सगी बहनों को गोली मारने वाले सिरफिरे को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजवा दिया। दो मई को दिनदहाड़े हुई वारदात में आजमगढ़ जिले के रहने वाले आरोपित के सीने में भी गोली लगी थी। उसका मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा था। उधर, सगी बहनों को 11 दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी वह घर चली आई थीं जबकि गोली से घायल आरोपित मनदीप का पुलिस कस्टडी में मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा था। डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस उसे जेल भेजवा दिया। गगहा थाना क्षेत्र के हाटा निवासी स्वर्गीय अनंत कुमार यादव की दो बेटियां पूजा यादव (28) और नैंसी यादव (20) को दो मई को सिविल लाइंस पीडब्ल्यूडी कालोनी में स्थित आवास में आजमगढ़ जिले के रहने वाले मनदीप नामक नमबढ़ ने गोली मार दी थी।
रिश्ते में मौसेरा भाई लगने वाला मनदीप पूजा से शादी के लिए दबाव बना रहा था। मना करने और पूजा का रिश्ता कहीं और तय होने पर उसने यह कदम उठाया था। आरोपित ने उनकी मां को भी दौड़ाया था लेकिन उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। बहनों को गोली मारने के बाद मनदीप भी घर के बाहर गोली से घायल हाल में पड़ा था। लोगों का कहना था कि उसने खुद को भी गोली मार ली थी हालांकि मां ने बताया कि मनदीप के साथ उसके पिता व दो अन्य लोग आए थे। उन लोगों की गोली से मनदीप को गोली लगी है। घटना के बाद से ही मनदीप का मेडिकल कालेज में चल रहा था। आईसीयू से उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया था। इतने दिन में उसे देखने घर का कोई नहीं आया है। एक दिन उससे दूर के रिश्तेदार देखने आए थे। पुलिस उसके ठीक होने का इंतजार कर रही थी। हालांकि उसके सीने में गोली फंसी हुई है उसका अभी तक आपरेशन नहीं हो पाया था। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि गोली से घायल बहनों की हालत में सुधार होने पर मेडिकल कालेज से पहले ही छुट्टी मिल गई है। डॉक्टर की रिपोर्ट पर आरोपित मनदीप को जेल भेजवा दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।