अंत्येष्टि स्थल पर सुनिश्चित की जाएंगी जरूरी सुविधाएं: असीम अरुण
Kannauj News - कन्नौज के राज्यमंत्री असीम अरुण ने महादेवी घाट पर अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों को सुविधाएं प्रदान करना हमारी जिम्मेदारी है। अंत्येष्टि स्थल पर...

कन्नौज संवाददाता। अंत्येष्टि स्थल वह स्थान है, जहां शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। यह हमारी सामाजिक ज़िम्मेदारी है, कि अंतिम यात्रा के दौरान परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए अंत्येष्टि स्थलों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएगी। अंत्येष्टि स्थल पर छाया हेतु पेड़ पौधे एवं फूल वाले पौधे लगाए जाएंगे। यह बात राज्यमंत्री असीम अरुण ने महादेवी घाट स्थित निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए कही। उन्होंने अंत्येष्टि स्थल के पीछे से विकल्प के तौर पर रास्ते का निर्माण कराए जाने हेतु गहनता से विचार-विमर्श किया।
कहा कि अंत्येष्टि स्थल तक दो रास्ता हो जाने से आवगमन सुविधाजनक होगा। उन्होंने कहा कि अंत्येष्टि स्थल पर पार्किग की अच्छी व्यवस्था करायी जाएगी तथा पार्किंग स्थल पर पार्किंग बोर्ड आदि लगाये जायेंगे। कहा कि व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिये लगातार प्रयास किया जा रहा है। अंत्येष्टि का पैसा जो प्राप्त होता है, वह सफाई व अन्य व्यवस्थाओं के कार्यों में व्यय होगा। ओएसआर खाते में जाने वाली धनराशि की ऑडिट की जायेगी। इसके बाद मंत्री ने शिवाजी नगर निकट रानी देवी इंटर कालेज के पास जल निकासी हेतु नाली निर्माण कराये जाने की बात कही। कहा कि जल निकासी हेतु नाला निर्माण के लिये सोमवार को गहनता से समीक्षा कर निर्णय लिया जायेगा। जल्द ही जल निकासी की समस्या से क्षेत्रवासियों को समाधान मिलेगा। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, खण्ड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।