दहेज के लिए विवाहिता को छत से फेंका, भर्ती
Kausambi News - चरवा थाने के हिंगवाही मजरा सैयद सरांवा गांव में विवाहिता प्रियंका को ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर छत से नीचे फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।...

चरवा थाने के हिंगवाही मजरा सैयद सरांवा गांव में विवाहिता को ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर छत से नीचे फेंक दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के बाद मायकेवालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को घायल विवाहिता के पिता ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। संदीपन घाट थाने के पट्टी परवेजाबाद बड़ागांव निवासी आशाराम प्रजापति ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी छह महीने पहले चरवा थाने के हिंगवाही मजरा सैयद सरांवा गांव निवासी राममिलन पुत्र गजराज सिंह के साथ की थी।
शादी में आशाराम ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के बाद विदा होकर ससुराल पहुंची प्रियंका को पति समेत ससुरालीजन कम दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। जानकारी मिलने के बाद आशाराम ने किसी तरह समझा बुझाकर बेटी को विदा कराकर अपने घर ले गए। दूसरी बार ससुराल पहुंचने पर पति समेत अन्य ससुरालीजन उससे दहेज में फ्रिज, एसी, कूलर, वाशिंग मशीन और पचास हजार रुपये नकद की मांग करने लगने। आरोप है कि प्रियंका के इनकार करने पर उन लोगों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। इससे उसको काफी चोटें आई। जानकारी मिलने के बाद बेटी के ससुराल पहुंचे पिता ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को पीड़ित पिता ने दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।