लुटेरी दुल्हन गिरोह के ‘रिश्तेदारों की तलाश
Prayagraj News - प्रयागराज में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित एक गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से लोगों से शादी कर ठगी करता था। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी है और...

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। खुल्दाबाद पुलिस ने दो दिन पहले लुटेरी दुल्हन समेत गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरोह का नेटवर्क यूपी के साथ ही राजस्थान व अन्य प्रांतों तक फैला है। पुलिस को पूछताछ में गिरोह के कई अन्य सदस्यों व लुटेरी दुल्हनों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस संभावित ठिकानों में लगातार दबिश दे रही है। हालांकि अभी तक कोई हत्थे नहीं चढ़ सका है। पुलिस ने शनिवार को गिरोह के चार महिलाओं व तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया था। शातिर गिरोह फर्जी रिश्तेदारों और कूटरचित आधारकार्ड व अन्य दस्तावेजों के जरिए लोगों को शादी करने के बाद ठगने का काम करता था।
पुलिस के मानें तो गिरफ्तार आरोपियों में करेली निवासी शहाना दुल्हन बनती थी। वहीं पीपलगांव की निशा कुमारी व प्रीति देवी, झूंसी की ममता भारतीय, शाहगंज के आसिफ व मोहम्मद जैनुल और राजस्थान अलवर निवासी श्रीराम गुर्जर दुल्हन के रिश्तेदार व अगुवा बनने का नाटक करते थे। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपियों से पूछताछ में करेली, धूमनगंज व शाहगंज सहित अन्य जगहों की युवतियों व लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। कुछ लुटेरी दुल्हन की फोटो भी मिली है। पुलिस ने रविवार को करेली, धूमनगंज व शाहगंज में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। थाना प्रभारी सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में गिरोह में शामिल कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।