प्रेमी ने संबंध बनाने से इनकार पर की थी वृद्धा की हत्या
Kausambi News - प्रयागराज के बरई गांव में एक वृद्धा की हत्या उसके प्रेमी ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर की। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोपी ने गला...
सरायअकिल थाना क्षेत्र के बरई गांव में रहने वाली वृद्धा की हत्या उसके प्रेमी ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर की थी। एसओजी व स्थानीय थाना पुलिस ने सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लिखापढ़ी के बाद उसका चालान कर दिया गया है। प्रयागराज के एयरपोर्ट थानांतर्गत गांजा गांव की 65 वर्षीय संवारी देवी की शादी बरई निवासी कृष्ण कुमार सिंह से हुई थी। कृष्ण कुमार के पिता राम सिंह पुलिस विभाग में मध्य प्रदेश में तैनात थे। वर्तमान में पूरा परिवार छत्तीसगढ़ के पेंडला विलासपुर में रहता है। शादी के लगभग तीन साल बाद कृष्ण कुमार ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया था।
इस पर संवारी देवी अपनी पैतृक ससुराल बरई में आकर रहने लगी थी। उसे कोई संतान नहीं थी। वह यहां अकेली रहती थी। खेती कर जीविकोपार्जन करती थी। रविवार की शाम उसके मकान के भीतर से दुर्गंध आ रही थी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए आसपास के ग्रामीण घर के अंदर गए तो वहां चारपाई पर उसकी लाश पड़ी थी। कपड़े से गला घोटकर उसकी हत्या की गई थी। मामले में मृतका के भाई सुदीप कुमार सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी राजेश कुमार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए खुलासे के लिए एसओजी प्रभारी प्रभुनाथ सिंह व सरायअकिल इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह की अगुवाई में दो टीमों का गठन किया। इन्हीं टीमों ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया। कैंसर के शक पर संबंध बनाने से किया इनकार एएसपी राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार दोपहर पुलिस कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में पत्रकारों को बताया कि 55 वर्षीय आरोपी दिनेश कुमार सेन उर्फ गुड्डू पुत्र सरजू प्रसाद सेन मृतका के गांव बरई का ही रहने वाला है। वह पेशे से दूधिया है। मृतका के घर दूध के साथ अन्य आवश्यक वस्तुएं भी पहुंचाया करता था। दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध था। इस बीच आरोपी को गले में दिक्कत होने लगी थी। कैंसर के शक पर 23 मई की रात वृद्धा ने संबंध बनाने से इनकार कर दिया था। इसी से नाराज होकर पहले उसने हाथ से वृद्धा का गला दबाया। इसके बाद कपड़े से गला घोटकर हत्या कर दी। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से खुला राज एसओजी प्रभारी प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दिनेश कुमार सेन मृतका का मोबाइल लेकर भाग गया था। मोबाइल उसने अपने घर के समीप नाली में फेंक दिया था। पुलिस ने मृतका के मोबाइल नम्बर की कॉल डिटेल निकाली तो आखिरी बार उसने आरोपी से ही बातचीत की थी। इसी के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।