दो साल बाद दुबई जेल से रिहा होकर घर लौटा खड्डा का युवक
Kushinagar News - खड्डा, हिन्दुस्तान संवाद। मनी लांड्रिंग के दो मुकदमे में दुबई के जेल में बन्द खड्डा क्षेत्र के ग्राम एकडंगी निवासी युवक की टीम प्रवासी भारतीय मद

खड्डा, हिन्दुस्तान संवाद।
मनी लांड्रिंग के दो मुकदमे में दुबई के जेल में बन्द खड्डा क्षेत्र के ग्राम एकडंगी निवासी युवक की टीम प्रवासी भारतीय मदद समूह नि:स्वार्थ की पहल पर लगभग दो साल बाद मंगलवार को वतन वापसी हो गई है। उसके घर पहुंचते ही परिवार के लोग उससे लिपटकर रोने लगे और दोबारा विदेश नहीं भेजने की बात कही।
खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम एकडंगी निवासी सुखल का पुत्र त्रिभुवन जायसवाल वर्ष 2023 में रोजी रोजगार के चक्कर में दुबई गया। जहां वह एक कम्पनी में फर्नीचर पालिश का काम करने लगा। कुछ माह बीतने के बाद वेतन को लेकर उसके मालिक से कहासुनी हो गई। इसके बाद त्रिभुवन पैसे के किल्लत चलते दूसरे जगह काम करने चला गया। इसी दौरान त्रिभुवन कुछ पाकिस्तानी लोगों के सम्पर्क में आ गया। जहां उन पाकिस्तानियों ने उसे बहला-फुसलाकर उसके लेबर कार्ड से धोखाधड़ी कर मनी लांड्रिंग कर ली। मामला उजागर हुआ तो 4 अगस्त वर्ष 2023 को दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां कोर्ट छह साल की सजा सुनाते हुए इंडियन करेंसी लगभग एक करोड़ का जुर्माना लगाया और त्रिभुवन को जेल भेज दिया। इसकी जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद पिता सुखल ने सांसद विजय कुमार दुबे विधायक विवेकानन्द पाण्डेय से लगायत टीम प्रवासी भारतीय मदद समूह नि:स्वार्थ के प्रदेश सचिव गंगासागर सिंह से गुहार लगाया। टीम ने दुबई स्थित भारतीय दुतावास से सम्पर्क किया। जहां सांसद, विधायक तथा टीम प्रवासी भारतीय मदद समूह के राष्ट्रीय महासचिव आशीष त्रिपाठी उर्फ पूजा बाबू, प्रदेश सचिव गंगासागर सिंह, अध्यक्ष छोटेलाल व संरक्षक अरविन्द सागर की मेहनत रंग लाई। रविवार को दुबई स्थित भारतीय दुतावास के अधिकारियों के चलते वहां कि सरकार ने जेल में बन्द त्रिभुवन जायसवाल को दो साल बाद रिहा कर दिया। दुबई जेल से रिहा होने के बाद मंगलवार त्रिभुवन घर पहुंचा तो परिजनों को ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजन उससे लिपटकर रोने लगे। त्रिभुवन ने अपनी रिहाई के लिए सांसद, विधायक व टीम प्रवासी भारतीय मदद समूह के प्रति आभार जताया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।