22.23 करोड़ की लागत से हो रहा ड्रेजिंग का काम, मिलेगी बाढ़ से राहत
Lakhimpur-khiri News - सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को शारदा नदी की ड्रेजिंग प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे। सिंचाई विभाग ने 22.23 करोड़ रुपये की लागत से डिसिल्टिंग और ड्रेजिंग कार्य शुरू किया है। बाढ़ और कटान से प्रभावित...

पलियाकलां। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने आ रहे हैं। सिंचाई विभाग शारदा नदी की ड्रेजिंग का काम करा रहा है। शारदा में सिल्ट की वजह से बाढ़ और कटान की जद में आने से कई गांव का आस्तित्व संकट में है। साथ ही हजारों एकड़ किसानों की भूमि शारदा नदी में समां गई। शारदा नदी की बाढ़ और कटान से निजात पाने के लिए लगातार मांग उठ रहीं थीं। पलिया विधायक रोमी साहनी के प्रयास के बाद आखिरकार शासन ने मामले से गम्भीरता से लिया और 22.23 करोड़ रुपये की लागत से डिसिल्टिंग व ड्रेजिंग कार्य की शुरुआत तीन अप्रैल से की गई। ड्रेजिंग का मकसद शारदा नदी के भीतर की सिल्ट को साफ कर नदी को मूल स्वरूप में लाने का है। बाढ़ से बचाव के चल रहे कार्य का निरीक्षण करने के लिए ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पहुंच रहे हैं।
पलिया क्षेत्र में शारदा व सुहेली नदी से शुरू हुआ बाढ़ का सिलसिला अभी भी बदस्तूर जारी है। हर साल नदियों से आने वाली बाढ़ के चलते लोग बर्बादी की कगार पर आ पहुंचे हैं। हजारों एकड़ किसानों की जमीन और उस पर खड़ी फसल नदी में समां चुकी है। दर्जनों गांवों का अस्तित्व नदी ने समाप्त कर दिया है। बाढ़ की रोकथाम को लेकर भाजपा विधायक रोमी साहनी लगातार लगे हुए हैं। नदियों की डिसिल्टिंग और बंधों के निर्माण को लेकर विधायक रोमी साहनी द्वारा उठाई जा रही समस्या का जल्द समाधान अब लोगों को होता नजर आ रहा है। तीन अप्रैल को जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पलिया पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विधायक रोमी साहनी के आवास परिसर में एक जनसभा को भी संबोधित किया था। जलशक्ति मंत्री ने शारदा नदी के चैनलाइजेशन कार्य का भूमि पूजन करते हुए शुभारंभ किया था। शारदा नदी में बाढ़ से बचाव के लिए चल रहे कार्य का निरीक्षण करने को लेकर शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंच रहे हैं। ड्रेजिंग का कार्य सिंचाई विभाग शारदा पुल संख्या 97 से 7 किलोमीटर तक करा रहा है। इस कार्य के लिए 22.23 करोड़ का बजट रिलीज किया जा चुका है। संभावना जताई जा रही है कि इस काम के पूरे हो जाने पर पलिया कस्बा, उससे जुड़े हाईवे और करीब 29 गांवों के लोगों को बाढ़ से राहत मिल सकेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।