दिन में पारा 41 के पार, रात को भीषण उमस
Lucknow News - भीषण गर्मी ने लखनऊ में लोगों को बेहाल कर दिया है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि शाम को यह 39 डिग्री सेल्सियस था। उमस और गर्मी के कारण कूलर और एसी भी असरदार नहीं रहे।...

भीषण गर्मी ने रविवार को लोगों बेहाल रखा। दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन ढलने के बावजूद तापमान में दोपहर के मुकाबले मात्र दो डिग्री की गिरावट हुई। शाम सात बजे तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर था। ऊपर से हवा का रुख पुरवा हो जाने से उमस और बढ़ गई। गर्मी का आलम यह था कि कूलर पंखा तो दूर ऊपर तलों के फ्लैट और मकानों में एसी भी नाकाफी साबित हो रहे थे। बाहर निकलने पर पसीना रुकने का नाम नहीं ले रहा था। वहीं, शनिवार और रविवार की रात न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
अमौसी स्थित प्रदेश के मुख्य मौसम केन्द्र के अनुसार प्रदेश को प्रभावित कर रहा सक्रिय मौसमी तंत्र कमजोर पड़ चुका है। साथ ही मौसम शुष्क हो चला है। इस कारण सोलर रेडिएशन यानी साफ वातावरण में सतह तक पहुंचने वाली सीधी धूप विकिरणीय ऊष्मा बढ़ा रही है। इसी वजह से लखनऊ समेत आसपास, सूबे के दक्षिणी हिस्सों में तपिश बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जून तक तपिश बढ़ने का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद बदलाव के संकेत हैं जिससे तापमान में फिर गिरावट होगी और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।