नोडल अधिकारियों ने आकांक्षी ब्लाकों के विकास की समीक्षा की
Maharajganj News - महराजगंज में छह आकांक्षात्मक विकास खण्डों का निरीक्षण किया गया। नोडल अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर असंतोष जताया और नवजातों के टीकाकरण पर ध्यान देने का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी...
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जिले के छह आकांक्षात्मक विकास खण्डों में परिलक्षित परिवर्तनों के भौतिक निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा की। जिले के नामित नोडल अधिकारी रमेश चंद्र विशेष सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और अतुल सिंह विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व सीडीओ अनुराज जैन सहित अन्य अधिकारियों के साथ जानकारी ली। नोडल अधिकारियों ने निरीक्षण में मिली कमियों की चर्चा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को कार्यशैली को लेकर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने नवजातों के प्रभावी टीकाकरण और उससे संबंधित पंजिका तैयार कर आवश्यक विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया।
आईसीडीएस की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विभिन्न प्रपत्रों व पोर्टल से अद्यतन कराने का निर्देश दिया। कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक उपकरण नहीं हैं अथवा खराब हैं, उनके लिए मांग मुख्यालय को प्रेषित करें। जल जीवन मिशन के संदर्भ में कहा कि जल निगम योजनाओं के धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपने प्रयासों को बढ़ाएं और हर घर तक जल की उपलब्धता को सुनिश्चित करें। पशुपालन विभाग को भी पालतू पशुओं का डेटा ग्राम स्तर पर तैयार करने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन के लिए सभी विभागों को निर्देशित किया। बैठक में सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, पीडी रामदरश चौधरी, डीएसटीओ शीश कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम आतिफ हुसैन सहित आकांक्षी ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी और अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।