आसमानी तपिश बरकरार, सूखने लगी मक्का, सब्जी की फसलें
Mainpuri News - मैनपुरी। भीषण गर्मी का कहर बुधवार को भी टूटा। पिछले चार दिनों से आसमानी आग से लोगों का बदन झुलस रहा है।

भीषण गर्मी का कहर बुधवार को भी टूटा। पिछले चार दिनों से आसमानी आग से लोगों का बदन झुलस रहा है। लोग गर्मी से बचाव नहीं कर पा रहे। उमस भरी गर्मी से शरीर पसीने से तर बतर हो रहा है। पिछले दो दिनों तो लू चलती रही, जिसने लोगों को परेशान किया। बुधवार को उमस भरी गर्मी से लोग व्याकुल बने रहे। शहर से लेकर गांव तक गर्मी के ही किस्से हैं। खलिहानों में काम नहीं हो पा रहा। किसानों की मक्का सूख रही है। हरी सब्जियों की फसलें भी आसमानी आग की चपेट में आकर झुलस रही हैं। गर्मी का ये असर कब तक रहेगा ये लोगों को ठीक से पता नहीं है लेकिन एक सप्ताह बाद राहत की उम्मीद मिलने की बात मौसम विभाग कह रहा है।
बुधवार को भी सुबह से ही आसमान से आग बरसने लगी। सुबह 8 बजे जनपद का पारा 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दोपहर 10 बजे 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और दोपहर 12 बजे गर्मी की तपिश ने लोगों के सामने घबराहट पैदा कर दी। पारा अधिकतम 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के इन तेवरों से बुजुर्ग और सांस के रोगियों को बहुत परेशानी हो रही है। ऑक्सीजन का लेबल घट गया है। मौसम के इस हाल से वातावरण में प्रदूषण भी बढ़ गया है। बुधवार को जनपद का एक्यूआई 170 को पार कर गया। ये स्तर सेहत की दृष्टि से बेहद खतरनाक है। डा. अभिषेक गुप्ता का कहना है कि जो लोग बीमार हैं या शारीरिक रूप से कमजोर हैं उन लोगों को यथासंभव धूप से बचाव और भीड़ भरे स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। तरल पदार्थ लगातार लेते रहें। नीबू पानी का सेवन फायदा पहुंचाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।