सरकार ने 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला
Ghazipur News - गाजीपुर, कार्यालय संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार
गाजीपुर, कार्यालय संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को नगर के रायल पैलेस में प्रोफेशनल मीट का आयोजन जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि 11 वर्षो के शासन काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान की पूरी आबादी के बराबर देश के 27 करोड़ लोगों के जन जीवन को समृद्ध करके गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। देश के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास और भरोसा जताया है। जिसके कारण तीसरी बार ही नहीं बल्कि आने वाले हर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि 2014 में 11 वीं अर्थव्यवस्था का देश भारत आज ब्रिटेन जिसका कभी भारत गुलाम था को पीछे छोड़कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र के नेतृत्व में चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था का देश बन चुका है। सरकार ने लक्ष्य लिया है कि 2027 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी तीसरी अर्थ व्यवस्था का देश बन जाएगा। उन्होंने कहा पिछले 11 वर्षों में भारत को विकसित बनाने के अमृत काल की शुरुआत की गई है। 2014 से पहले हमारी आपकी सोच थी कि काम कैसे होगा। यह नहीं हो पाएगा। यह हो ही नहीं सकता। जबकि आज की सोच है यह होगा और जरूर होगा। क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने कहा कि अब राजनीति वादों की नहीं प्रदर्शन की संस्कृति है। विरासत भी विकास भी सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिकता का समन्वय महिलाओं की भागीदारी विकास के केंद्र में, आतंकवाद पर सख्त नीति, डिफेंस एक्सपोर्ट 30 गुना बढ़ा ,भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। 11 सालों में जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना, जीएसटी लागू करना, वक्फ बिल जैसे सख्त निर्णय लिए गए। पारसनाथ राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का नया स्वरूप विश्व पटल पर उभर कर सामने आया है। देश की प्रगति और सुरक्षा बढी है। आज देश के दुश्मनों में बौखलाहट है। पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि देशवासियों का दर्द प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच में शामिल है। जिसके प्रति उनके सेवा और समर्पण का भाव सरकार की सभी योजनाओं में निहित है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से सिर्फ पाकिस्तान का ही नहीं बल्कि चीन का भी मनोबल टूटा है। देश के 140 करोड़ लोगों का स्वाभिमान सम्मान और मनोबल बढ़ा है। कार्यक्रम के अंत में गुजरात में हुए विमान हादसे में मृतात्माओं के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री दयाशंकर पांडेय ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, कृष्ण बिहारी राय, प्रो. शोभनाथ यादव, सरिता अग्रवाल, राजेश राजभर, प्रवीण सिंह, अवधेश राजभर, अखिलेश सिंह, श्याम राज तिवारी, लालसा राजभर, जितेन्द्र पांडेय,अच्छेलाल गुप्ता, शशिकांत शर्मा, कार्तिक गुप्ता उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।