ग्राम प्रधान पर सरकारी जमीन से आम का पेड़ कटवाने का आरोप
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर के खानजहांपुर ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान मनोज पाल पर सरकारी आम के पेड़ काटने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान इन पेड़ों का उपयोग अपने निजी विद्यालय के फर्नीचर बनाने के लिए कर...

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। ग्राम समाज की सम्पत्ति की सुरक्षा कैसे हो सकेगी जब रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे। जिनके ऊपर ग्राम समाज की सम्पत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी है वहीं अपने निजी उपयोग के लिए विशालकाय आम के पेड़ को काटवा रहे हैं। इसमें पुलिस व वन विभाग की भी संलिप्तता परिलक्षित होती है। ग्राम समाज की भूमि में स्थित आम के पेड़ों के काटने का मामला अकबरपुर विकास खंड के खानजहांपुर ग्राम पंचायत से जुड़ा है। गांव निवासी पूर्व प्रधान अमर बहादुर यादव, राजू उपाध्याय, मायाराम, सरोज कुमार ने प्रभागीय वनाधिकारी, एसडीएम व बेवाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान मनोज पाल पर आम के सरकारी पेड़ कटवाने का आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र में कहा है कि आम का पेड़ कटवा कर ग्राम प्रधान अपने निजी विद्यालय में फर्नीचर बनाने के उपयोग में लाना चाह रहे हैं। गत सात जून को गांव के कानी तालाब पर सरकारी जमीन में स्थित एक आम के पेड़ को चुपके से कटवा कर बेवाना स्थित आरा मशीन पर भेजवा दिया। ग्रामीणों ने जब विरोध किया तो ग्राम प्रधान आमादा फौजदारी हो गए। गांव वालों के मना करने के बाद भी गत 12 जून को उसी स्थान पर स्थित दूसरे आम के पेड़ को कटवा कर ट्राली पर लदवा रहे थे। शिकायतकर्ताओं ने पीआरबी 112 को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहंुच कर लकड़ी ले जाने से रोक दिया। उघर सूचना पर पहुंचे वन विभाग के अकबरपुर रेंजर ने लकड़ी को सीज कर ग्राम प्रधान पर जुर्माना अधिरोपित किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।