बोले मैनपुरी: बेबसी और बदहाली की कैद से कब मुक्त होगा आजाद नगर
Mainpuri News - मैनपुरी। पानी संकट गर्मी के दिनों में किसी भी इलाके के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। शहर की आजाद नगर कालोनी में यह समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी
पानी संकट गर्मी के दिनों में किसी भी इलाके के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। शहर की आजाद नगर कालोनी में यह समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। यहां के लोगों की प्यास बुझाने के लिए कोई इंतजाम नहीं है। वह जल स्तर नीचे चले जाने या फिर या और कोई तकनीकी समस्या के चलते खराब पड़े हुए हैं। यही वजह है कि यहां पानी की समस्या लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा इस इलाके में सफाई व्यवस्था भी न होना भी एक बड़ी समस्या है। सफाईकर्मचारी नगरपालिका के कागजों में तो हैं लेकिन आजाद नगर की सफाई करने के लिए कोई भी कर्मचारी नहीं आता।
इस इलाके के लोग गंदगी से परेशान रहते हैं। गंदगी के चलते यहां गर्मी के मौसम में बीमारियां फैलती हैं। हिन्दुस्तान के मैनपुरी बोले संवाद के दौरान यहां के लोगों ने अपनी समस्याएं बताई। नगरपालिका क्षेत्र में विकसित की गई आजाद नगर इलाके की काशीराम कालोनी में वर्षों से विकास कार्य नहीं हुए हैं। बसपा सरकार के दौरान जब इस कालोनी का निर्माण हुआ तो यहां उस वर्ग को रहने के लिए आवास दिए गए। जिस वर्ग के पास शहर में अपनी छत नहीं थी। इन लोगों को यहां रहने के लिए मकान मिले। बिजली पानी की सुविधाएं दी गई। बसपा सरकार जाते ही यह इलाका अफसरों और सरकार की उपेक्षाओं का शिकार बनकर रह गया है। यहां के लोग भी चाहते हैं कि उन्हें भी सरकार से मिलने वाली सुविधाएं दी जाएं। ताकि यहां के लोग भी सड़क, बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा जैसी सुविधाएं हासिल कर सके।
यहां के निवासी, रजनेश, राजेश, राजन, हरीश, बालकिशन, लालाराम का कहना है कि इस कालोनी को विकास कार्यों के दृष्टिगत कभी भी योजनाओं का लाभ नहीं मिला। यही वजह है कि यहां के लोग शहर में रहने के बाद भी गांव से बदहाल जीवन जीने को मजबूर हैं। इस इलाके में बिजली के बिलों की बड़ी समस्या है। गरीब घर मुश्किल से दो वक्त की रोटी का इंतजाम कर पाता है लेकिन ऐसे में बिजली के बिल देने में उन्हें मुश्किल होती है। यह लोग चाहते हैं कि बिजली के बिलों से मुक्ति दिलाई जाए। यहां के लोग यह भी चाहते है कि आजाद नगर कालोनी में 700 से अधिक मकान बने हैं।
यहां के लोगों को भरण पोषण के लिए आजीविका मिशन जैसी योजनाओं से जोड़ा जाए। स्थानीय स्तर पर काम मिलेगा तो यहां के लोग पेट भरने का जुगाड़ भी कर लेंगे। लोगों का कहना है कि यहां सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था के अलावा प्रकाश व्यवस्था का उचित इंतजाम किया जाए। यहां रहने वाले बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाने का इंतजाम होना चाहिए। यहां के निवासी रजनी, नीता व श्वेता का कहना है कि महिलाओं के लिए इस कालोनी में कुटीर उद्योग शुरू कराए जाए ताकि आधी आबादी को काम मिले और वह परिवार के भरण पोषण में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सके।
बोले लोग
काशीराम कालोनी में सेफ्टिक टैकों की सफाई न होने से स्थानीय लोगों को दुर्गंध से परेशान हैं। अधिकांश सेफ्टिक टैंक खुले पड़े हैं। जिससे किसी दिन भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ।
-राखी
काशीराम कालोनी के लोगों को अंधेरे में जीवन यापन कर रहा है। अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं। जिन्हें सही नहीं कराया जा रहा है। प्रकाश विभाग जल्द लाइटें चिह्नित कर उन्हें सही कराए। जिससे रात में अंधकार से छुटकारा मिले।
-अमित
काशीराम कालोनी में सफाई व्यवस्था तो बदहाल पड़ी है। मगर संचारी रोगों की रोकथाम के लिए एंटीलार्वा का छिड़काव सभी मलिन बस्तियों में हो रहा है। पता नहीं कब इस कालोनी में एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
-अर्जुन
सरकारी हैंडपंपों से निकल रहे गंदे पानी की शिकायत नगरपालिका में दर्ज कराई गई है। जल्द हैंडपंपों को रीबोर कराया जाए। और किस कारण गंदा पानी आ रहा है उसका भी पता कर समस्या से निजात दिलाया जाए। लोग बीमार हो रहे हैं।
-ममता
जरा सी बारिश होने पर कालोनी में जगह-जगह जलभराव हो जाता है। जिनसे मच्छर पनपते रहते हैं। जो लोगों को बीमार कर रहे हैं। नगरपालिका इससे निपटने के लिए कोई काम नहीं कर रही है। पीने के पानी की भी खुद ही व्यवस्था करनी पड़ती है।
-पिंकी राठौर
सफाई व्यवस्था भी काशीराम कालोनी में पूरी तरह बदहाल पड़ी है। जगह-जगह फैली गंदगी लोगों को बीमारी परोस रही है। न तो समय से सफाई होती है। और न ही सफाई कर्मचारी सफाई के बाद कूड़ा उठाते हैं। कूड़े में से बदबू आती रहती है।
-मंजू देवी
काशीराम कालोनी में सबसे बड़ी पानी की समस्या है। न ही वाटर कूलर हैं और न ही हैंडपंप सही हैं। पीने के पानी की व्यवस्था के लिए नगरपालिका जगह चिन्हित कर वाटर कूलर लगाए। अब गर्मी का मौसम पानी की सबसे ज्यादा जरुरत रहती है।
-सोनू
आजाद नगर कालोनी के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। जितने भी हैंडपंप लगे हैं उनमें गटर का गंदा पानी आ रहा है। जिसे पीने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। हैंडपंप की मरम्मत को लेकर सभासद से शिकायत की लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
-रामू
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।