आगरा में चांदी फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, एक के बाद एक फटीं तीन भट्टियां, दो की मौत, कई गंभीर
आगरा की चांदी फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की भी आशंका है।

आगरा में चांदी फैक्ट्री में गुरुवार की दोपहर अचानक भीषण विस्फोट हो गया। एक के बाद एक तीन भट्टियां फटने से अफरातफरी मच गई। भीषण धमाके और आग के साथ धुएं का गुबार सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। यहां के मशहूर किनारी बाजार में घटना हुई है। बताया जाता है कि सराफा गली में चांदी गलाई के कारखाने में सिलेंडर फटने के बाद हादसा हुआ है। धमाके से बाजार में दहशत फैल गई। आसपास की बिल्डिंगों के शीशे टूट गए हैं। मलबे में लोगों के फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है। दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। फायर ब्रिगेड और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। लोगों ने गली और तंग इलाके के बाजार बंद कर दिए हैं। सड़क पर लोगों का जमावड़ा लगा है।
बताया जाता है कि सदर कोतवाली क्षेत्र में किनारी बाजार है। यहां चौबेजी फाटक के सामने एक मकान में चांदी फैक्ट्री हैं। यहां चांदी गलाने का काम होता है। यहीं पर भट्टी फटने से हादसा हुआ है। सिलेंडर फटने की बात भी कही जा रही है। धमाका इतना तेज था कि आसपास की कई दुकानों और इमारतों के भी शीशे टूट गए। गली से गुजर रहे लोगों के ऊपर इसके टुकड़े गिरे तो लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग खड़े हुए।
विस्फोट होते ही आग का गोला दिखाई दिया। इसके बाद पूरे एरिया में धूल ही धूल फैल गई। जिस गली में विस्फोट हुआ वहां तो कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया। किसी को कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जिस इमारत में धमाका हुआ था, उसका बाहरी हिस्सा और छज्जा भी पूरी तरह से टूट गया है। पहले तो लोग समझ ही नहीं सके कि हुआ क्या है। कुछ देर बाद पता चला कि चांदी फैक्ट्री की फट्टी फटी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। व्यापारियों ने चौबे जी का फाटक समेत पूरा किनारी बाजार की दुकानें बंद कर दी हैं। सर्राफा बाजार भी बंद कर दिया गया है। सकरी गली होने के कारण घायलों को ई रिक्शा से अस्पताल भेजा गया है। जिन लोगों का शरीर पूरी तरह झुलस गया है उनकी हालत बदहवासों जैसी रही।