बोले मथुरा-कन्हैया की क्रीड़ास्थली मांग रही खेलने के लिए एक मैदान
Mathura News - बोले मथुरा-वृंदावन के लोग समय-समय पर भगवान श्री कृष्ण की क्रीड़ास्थली में खेल को बढ़ावा देने

वृंदावन के लोग समय-समय पर भगवान श्री कृष्ण की क्रीड़ास्थली में खेल को बढ़ावा देने के लिए समुचित संसाधनों की व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाते रहे हैं, लेकिन नतीजा सिर्फ और सिर्फ इंतजार ही रहा है। वृंदावन के स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर तो संपूर्ण विश्व में वृंदावन को भगवान श्रीकृष्ण की कीड़ाभूमि के रूप में जाना जाता है, लेकिन वर्तमान की बात करें तो वृंदावन में खेलों की स्थिति बद से बदतर है। सार्वजनिक रूप से बच्चों के लिए खेलों को खेलने के लिए कोई मैदान नगर में नहीं है। वृंदावन वासियों का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण की कीड़ा स्थली वृंदावन में भी एक स्टेडियम बनना चाहिए, ताकि यहां के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए जगह मिल सके और वे खेल में आगे बढ़ सकें। इससे नगर के अवाला प्रदेश का भी नाम रोशन होगा।
वृंदावन वासियों अपना दुख जताते हुए कहते हैं कि धर्मनगरी में खेलों को लेकर कोई आयोजन या खेल प्रतियोगिता नहीं होना भी एक चिंताजनक विषय है। यह वृंदावन के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर की कमी के रूप में भी प्रतीत होता है। खेल के मैदान के बिना, खिलाड़ियों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने और खेल के प्रति अपने जुनून को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश सरकार को चाहिए कि वह वृंदावन में खेल के मैदान की व्यवस्था करने के लिए ठोस कदम उठाए, जिससे युवाओं को खेल के अवसर प्रदान किए जा सकें और ब्रजभूमि के विकास के दावों को सच में बदला जा सके।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी वृंदावन में खेल चुके है क्रिकेट
भगवान श्रीकृष्ण की कीड़ास्थली के रूप में जाने जाने वाले वृंदावन नगर में क्रिकेट को लेकर जुनून है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी हजारीमल सोमानी मैदान पर टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। पूर्व पालिकाध्यक्ष पुष्पा शर्मा द्वारा आयोजित वृंदावन आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट में श्रीलंका के विस्फोटक बल्लेबाज सनत जयसूर्या, रवि कालू वितरणा, भारतीय क्रिकेट टीम के सितारे सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, आरपी सिंह, शिखर धवन, अजय रात्रा, विकेटकीपर विजय यादव जैसे खिलाड़ी अपनी उपस्थिति दर्ज कर चुके हैं। टूर्नामेंट संयोजक योगेश द्विवेदी बताते हैं कि इन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ियों को मैदान पर उतारने के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की। पुष्पा शर्मा के नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान लगभग 60 लख रुपए की लागत से इस मैदान पर अनेक विकास कार्य किया। लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी इस मैदान को संरक्षित करने का कार्य नहीं किया गया और आज इस मैदान की हालत बहुत ही दयनीय है। उन्होंने बताया कि इस मैदान की स्थिति को सुधारने के लिए उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा से भी गुहार लगाई है।
वृंदावन भगवान श्रीकृष्ण की कीड़ास्थली है, लेकिन यहां पर कोई समुचित खेल का मैदान नहीं होना एक चिंताजनक विषय है। बच्चों व युवाओं के लिए खेल का मैदान होना आवश्यक है, क्योंकि यह उनके शारीरिक और मानसिक विकास में मदद करता है। -लवेश शर्मा बंटी
सरकार व प्रशासन को वृंदावन में खेल संसाधन उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए और वृंदावन के बच्चों के लिए खेल के अवसर प्रदान करने काम करना चाहिए। इससे न केवल बच्चों का विकास होगा, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।
-जितेंद्र कुमार
स्थानीय प्रशासन और विभिन्न संगठनों को मिलकर वृंदावन में खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम करना चाहिए। वृंदावन में समुचित खेल के मैदान की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे युवाओं को लाभ होगा और ब्रज की खेल प्रतिभाएं भी आगे बढ़ सकेंगी।
-आनंद बल्लभ गोस्वामी
समय-समय पर खेल आयोजन और प्रतियोगिताएं होने चाहिए। इसके लिए जल्द से जल्द खेल मैदान अस्तित्व में आना चाहिए। क्यूंकि खेल के मैदान की अनुपलब्धता खेल गतिविधियों को आयोजित करने में एक बड़ी बाधा है।
-गोस्वामी विष्णु सिद्ध
वृंदावन में खेल स्टेडियम की मांग बरसों से उठती रही है, लेकिन अभी तक इसका निर्माण नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पता चलता है कि स्थानीय सरकार की प्राथमिकताओं में खेल और युवाओं के विकास को उतना महत्व नहीं दिया जा रहा है।
-राघव भारद्वाज
खेल स्टेडियम के अभाव में वृंदावन के बच्चे और युवा अपने खेल प्रतिभा को विकसित नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अन्य शहरों में जाना पड़ता है। इससे उनकी प्रतिभा और क्षमता का सही तरीके से उपयोग नहीं हो पाता है।
-सुमित शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।