ईंट-पत्थर से हमला कर वृद्ध महिला की हत्या
Mau News - रामपुर के बहादुरपुर में आम तोड़ने के विवाद के चलते एक 60 वर्षीय महिला तारा देवी की लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमले में मौत हो गई। उनके पोते के आम तोड़ने पर गांव के नौ लोगों ने हमला किया। महिला को...

मधुबन। रामपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में आम तोड़ने के विवाद को लेकर मंगलवार को लाठी-डण्डे और ईंट पत्थर से हुए हमले में 60 वर्षीय वृद्ध महिला की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव में मौत हो गई। घटना के बाबत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। साथ ही वृद्ध महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाने में दर्ज एफआईआर में रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर निवासी हृदय आनंद यादव ने बताया कि उनका लड़का नित्यानंद मंदिर परिसर में लगे सार्वजनिक आम के पेड़ के नीचे आम बीनने गया था।
इसको लेकर गांव के ही सत्यवान, सूरज सहित नौ लोग मारने-पीटने लगे थे। यह देख उसकी दादी 60 वर्षीय तारा देवी जब मौके पर बीच-बचाव करने पहुंची तो हमलावरों ने एक राय होकर ईंट-पत्थर और लाठी-डण्डे से तारा देवी पर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर तड़पने लगी। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से वृद्ध महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध महिला की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। वृद्ध महिला की मौत के परिजनों का रोते-रोते हाल बेहाल है। केस दर्ज कर विवेचना की जा रही आम तोड़ने के विवाद को लेकर लाठी-डण्डे से हमला किया गया था। हमले में वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसका उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाबत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -जितेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी रामपुर।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।