दूसरे दिन भी जारी रहा नहर के टूटे बांध का मरम्मत कार्य
Mau News - मऊ के टिकरी-मुरादपुर गांव के सामने चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल नहर का बांध टूट गया। इस घटना से लगभग सौ एकड़ भूमि जलमग्न हो गई और कई किसानों की धान नर्सरी खराब हो गई। सिंचाई विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू किया...

मऊ, संवाददाता। ब्लॉक क्षेत्र के टिकरी-मुरादपुर गांव के सामने चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल नहर के टूटे बांध का मरम्मत कार्य दूसरे दिन भी जारी रहा। सिंचाई विभाग के कर्मचारी बोरी में मिट्टी भरकर बांध में हुए होल को भरने में जुटे हुए है। बांध टूटने से लगभग सौ एकड़ भूमि जलमग्न हो गई है। वहीं कुछ किसानों की धान नर्सरी भी खराब हो गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सोमवार तक कार्य पूरा कर नहर पुनः चालू हो जाएगी। प्रथम पंचवर्षीय योजना में बनी एशिया की दूसरी चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल नहर दोहरीघाट ब्लाक के किसानों की खेतीबारी के लिए वरदान है।
मऊ जनपद से बलिया तक 350 किमी में फैली इस नहर से 50 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि की सिंचाई होती है। रवि सीजन के बाद से नहर साफ-सफाई और मरम्मत के नाम पर बंद चल रहीं थी। जिसपर सिंचाई विभाग ने लाखों रुपये खर्च किए है। लेकिन शुक्रवार को नहर में पानी छोड़े जाने के बाद देर शाम लगभग सात बजे टिकरी-मुरादपुर गांव के सामने कच्ची नहर का बांध रिसाव के कारण टूट गया। इससे लगभग सौ एकड़ भूमि जलमग्न हो गई है। वहीं जिन किसानों ने सुबह शुक्रवार की सुबह धान की नर्सरी डाली थी, उनकी खराब हो गई है। हालांकि नहर के बांध टूट जाने की खबर मिलते ही सिंचाई विभाग ने तत्काल नहर को बंद कर मरम्मत कार्य में जुट गए। शनिवार को पूरे दिन और रात मरम्मत कार्य चला, लेकिन पूरा नही हो सका। रविवार को भी टूटे बांध का मरम्मत कार्य चलता रहा। सिंचाई विभाग के कर्मचारी बोरी में मिट्टी भरकर होल को भरने में जुटे है। इस संबंध में सहायक अभियंता सतीशचंद मिश्र ने बताया की कच्ची नहर के ऊपर उगे पेड़ो की जड़ से सुराग बन गए थे, जिससे रिसाव होने से नहर का बांध टूट गया है। मरम्मत कार्य जारी है। सोमवार सुबह तक कार्य पूरा कर नहर चालू कर दी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।