मधुमक्खियों के हमले से रेंजर समेत 20 प्रशिक्षु वन दरोगा घायल
Mirzapur News - मड़िहान में प्रशिक्षु वन दरोगाओं के 52 सदस्यीय दल पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में रेंजर समेत 20 वन दरोगा घायल हुए। सभी का इलाज मड़िहान सीएचसी में किया गया। ये वन दरोगा कानपुर से प्रशिक्षण...

मड़िहान (मिर्जापुर)। मड़िहान थाना क्षेत्र के झरीनगर वन पौधशाला पर मंगलवार की दोपहर 52 प्रशिक्षु वन दरोगाओं के दल पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घटना में रेंजर समेत 20 वन दरोगा घायल हो गए। सभी का मड़िहान सीएचसी पर इलाज कराया गया। इसके बाद चंदन वन विश्रामगृह भेज दिया। सभी वन दारोगा कानपुर से यहां ट्रेनिंग पर आए हैं। वन विभाग में हाल ही में भर्ती किए गए 52 वन दरोगाओं का कानपुर में प्रशिक्षण चल रहा है। सोमवार की रात सभी कानपुर के रेंजर राजेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में बस से मड़िहान वनरेंज स्थित झरीनगर पौधशाला पहुंचे। रात में उन्हें मड़िहान स्थित चंदन वन विश्राम गृह में ठहराया गया।
मंगलवार सुबह उन्हें जंगल में प्रशिक्षण के लिए ले जाया गया। दोपहर में सभी भ्रमण के बाद वापस पौधशाला लौटे। इसी दौरान मधुमक्खियों ने अचानक हमला बोल दिया। मौके पर अफरातफरी मच गई। वनकर्मियों ने तत्काल आग जलाकर कंबल के सहारे अन्य वन दरोगाओं को बचाया। घायलों को तत्काल बस से मड़िहान सीएचसी ले जाया गया। डीएफओ अरविंद राज मिश्र ने मड़िहान सीएचसी पहुंचकर दरोगाओं का हालचाल लिया। हालत में सुधार होने पर सभी को चंदन वन विश्राम गृह में रोका गया है। ये हैं घायल प्रशिक्षु वन दरोगा सुजीत सिंह, सुशील कुमार, राम सिंह यादव, नवदीप, विवेक, राजेंद्र, आशीष, विवेक कुमार, नवदीप सिंह, संदीप सिंह, अभिषेक कुमार, अमित कुमार, राजेंद्र प्रसाद, अमित कुमार द्वितीय, सुशील कुमार बिंद, रेंजर राजेंद्र जायसवाल समेत 20 दरोगा घायल हो गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।