कृषि के विकास में निहित है भारत का विकास: अनुप्रिया पटेल
Mirzapur News - मिर्जापुर, संवाददाता। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत सीखड़ ब्लाक के विभिन्न गांवों
मिर्जापुर, संवाददाता। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत सीखड़ ब्लाक के विभिन्न गांवों में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इनमें विदापुर, पसियाही, मेड़िया, मगरहा, बटौआ, खानपुर, बगहा, हांसीपुर व खैरा में गोष्ठी कर किसानों को उन्नतशील बीजों के चयन की सलाह दी गई। ग्राम पंचायत मेड़िया में मुख्य अतिथि जिले की सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्जवलित कर गोष्ठी का शुभारम्भ किया। केन्द्रीय मंत्री ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कृषि के विकास के बिना भारत का विकास नहीं हो सकता है, इसलिए सरकार ने विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाकर किसानों को समृद्ध करने का कदम उठाया है।
इस कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक कृषकों से सीधे रूबरू हो रहे है और उनको खेती सम्बन्धी तकनीकी जानकारी प्रदान कर रहे है। देश भर में यह कार्यक्रम 29 मई से 12 जून तक आयोजित होगा। इसमें 2000 कृषि वैज्ञानिकों की टोलियां ग्रामों में निकली है। वैज्ञानिक कृषकों को मृदा जांच, बीज उपचार से लेकर बुवाई, संतुलित उर्वरक का प्रयोग करने की तकनीकी बता रहे है। भारत को विश्व का फूड बास्केट माना जाता है। यह किसान भाइयों की मेहनत, तकनीकी खेती से सम्भव है। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने गोष्ठी में उपस्थित किसानों को बताया कि जो किसान भाई फारमर्स रजिस्ट्री नहीं कराये है। वह शीघ्र ही करा लें ताकि किसान सम्मान निधि आने में रूकावट न हो। किसान भाई मक्का की खेती कर अच्छी आय अर्जित कर सकते है। मक्का की खेती खरीफ, रबी व जायद तीनों मौसम में होती है। किसान भाई इसकी खेती कर अपनी आमदनी में अच्छी वृद्धि कर सकते है। उप निदेशक कृषि विकेश कुमार ने कृषि विभाग से चलायी जा रही योजनाओं पीएम किसान सम्मान निधि, फारर्मस रजिस्ट्री, पीएम कुसुम योजना के बारे में विस्तार से बताया। संयुक्त कृषि निदेशक बाढ़ोन्मुखी अनिल यादव ने जैविक और प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी दी। ब्लाक प्रमुख सत्येन्द्र कुमार सिंह ने कृषकों को कृषि विभाग से विकसित कृषि संकल्प अभियान की जानकारी दी। डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव, आईआईवीआर वाराणसी ने किसानों को सब्जी की खेती व उनमें लगने वाले रोग कीट व उसके निदान के बारे में बताया। इस मौके पर केके सिंह, डॉ. सुधीर कुमार श्रीवास्तव, डॉ. श्रीराम सिंह, डॉ. रेड्डी ने किसानों को जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव ने किया। संचालन पंकज मिश्रा ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।