फंदे पर लटकता मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप
Mirzapur News - लहंगपुर, हिन्दुस्तान संवाद। लालगंज थाना क्षेत्र के किरहा गांव में शनिवार की भोर
लहंगपुर, हिन्दुस्तान संवाद। लालगंज थाना क्षेत्र के किरहा गांव में शनिवार की भोर कच्चे मकान के बड़ेर में फंदे पर लटकता विवाहिता का शव मिला। मृत विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हलिया थाना क्षेत्र के बरी गांव निवासी 25 वर्षीय अनीता कोल की शादी चार वर्ष पूर्व लालगंज थाना क्षेत्र के किरहा गांव निवासी लवकुश कोल के साथ हुई थी। पति लवकुश के अनुसार पत्नी अनीता ने अज्ञात कारणों से शनिवार की भोर कच्चे मकान के बड़ेर में साड़ी के सहारे फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर लिया है। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी होते ही मृत विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मृतका अनीता की मां का आरोप है कि दहेज के लिए बेटी की उसके ससुराल वालों ने हत्या कर दी है। हत्या के बाद शव को फंदे पर लटका दिया। मृतका अनीता के पति, ससुर , जेठ, जेठानी के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका अनीता को एक पुत्र पांच माह का है। इस संबंध में लालगंज थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृत विवाहिता की मां की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।