मुंडन और जनेऊ संस्कार कराने मां विंध्यवासिनी धाम में उमड़े भक्त
Mirzapur News - विंध्याचल में पवित्र जेष्ठ मास के त्रयोदशी तिथि पर यज्ञोपवित और मुंडन संस्कार का आयोजन हुआ। भक्तों ने माता विंध्यवासिनी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मुंडन संस्कार विधि...

विंध्याचल, हिन्दुस्तान संवाद। पवित्र जेष्ठ मास के त्रयोदशी तिथि पर रविवार को यज्ञोपवित और मुंडन संस्कार का शुभ मुहूर्त होने के कारण जगत कल्याणी मां विंध्यवासिनी धाम में भक्तों की भीड़ रही। विंध्याचल माता का दर्शन कर आशीर्वाद लेने का सिलसिला सुबह से शाम तक जारी रहा। मंगला आरती के बाद भोर में ही आम श्रद्धालुओं के लिए मातारानी के दर्शन के लिए कपाट खोल दिए गए। विंध्याचल धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान करने के बाद अपने बच्चों के पुरोहितों के निर्देशन में मुंडन संस्कार और जनेऊ कार्यक्रम विधि विधान के अनुसार कराए। संस्कार कराने के बाद पुन: गंगा स्नान कर माता के दरबार में आशीर्वाद लेने के लिए कतारबद्ध लाइन में खड़े हो गए।
अपनी बारी आने पर विंध्यवासिनी देवी के चरणों में नारियल, चुनरी, गुड़हल के लाल पुष्पों की माला, चुनरी चरणों में अर्पित कर आशीर्वाद लेकर खुद के जीवन को धन्य बनाया। मां विंध्यवासिनी के साथ ही मंदिर परिसर में विराजमान सभी देवी देवताओं का दर्शन-पूजन कर अपनी मनोकामना पूरी की। विंध्याचल के बाद कालीखोह मंदिर, मां अष्टभुजा मंदिर में भी पहुंच कर देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से विंध्याचल के साथ ही अष्टभुजा, कालीखोह व सीता कुंड मार्ग सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सीसी टीवी कैमरे से अराजक तत्वों पर पुलिस निरानी करती रही। विंध्य पंडा समाज की विंध्य पंडा समाज के पदाधिकारी भक्तों को सुगम दर्शन कराने में लगे रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।