Relief from Heatwave as Rain Showers Hit Moradabad बेकाबू पारे पर बारिश की लगाम, हीट वेव पर विराम, Moradabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMoradabad NewsRelief from Heatwave as Rain Showers Hit Moradabad

बेकाबू पारे पर बारिश की लगाम, हीट वेव पर विराम

Moradabad News - जेठ के बाद आषाढ़ में गर्मी से राहत मिली। शुक्रवार को मौसम में बदलाव के चलते मुरादाबाद में तापमान 43 डिग्री से घटकर 39 डिग्री सेल्सियस हो गया। बारिश के कारण दिनभर की तपिश में कमी आई। मौसम विशेषज्ञों के...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुरादाबादFri, 13 June 2025 07:21 PM
share Share
Follow Us on
बेकाबू पारे पर बारिश की लगाम, हीट वेव पर विराम

जेठ के बाद आषाढ़ में भी कहर बरपा रही गर्मी पर बारिश की बौछारों ने लगाम लगाई। दिन के साथ ही रात के समय भी तापमान के रिकार्ड तोड़ रही गर्मी को मौसम के बदले मिजाज ने काबू किया। शुक्रवार को मौसम का मिजाज एकाएक बदला। जिसके चलते लोगों को भयंकर तपिश भरी गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई और हीटवेव के सिलसिले पर विराम लग गया। मुरादाबाद में गुरुवार को दिन भर बेतहाशा तपिश रहने के बाद रात के समय भी अत्यधिक गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। गुरुवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात साबित हुई।

पिछले चौबीस घंटों में रात का न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान के काफी अधिक बढ़ने से तड़के और सुबह के समय भी जबरदस्त गर्मी के चलते लोग बेहाल हो उठे, मगर, पूर्वान्ह के समय मौसम अपना मिजाज बदलता दिखाई दिया। सुबह दस बजे के बाद आसमान पर काली घटाएं घिरीं। धूल भरी आंधी चलने लगी। आधे घंटे आंधी चलने के बाद बारिश शुरू हो गई। कांठ रोड व सिविल लाइन समेत शहर के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जबकि, कई इलाकों में हल्की से मध्यम फुहारें पड़ीं। बारिश के चलते मध्यान्ह के समय मौसम काफी खुशगवार हो गया। दोपहर एक बजे बारिश रुक गई। आसमान से बादल छंटने पर दोपहर के समय धूप खिली, लेकिन, अधिकतम तापमान गुरुवार की तुलना में चार डिग्री घट गया। जिसके चलते तपिश भरी गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की। मुरादाबाद में गुरुवार को दिन का अधिकतम 43 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम के जानकारों के मुताबिक शुक्रवार को मौसम में आए बदलाव के चलते हीटवेव (उष्णलहर) थम गई है। अगले चौबीस घंटों में आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार हैं। दिन के अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।