हमारा नाम OBC से खारिज हो, अखिलेश निषाद को याद कर मंत्री संजय निषाद ने मांगा अनुसूचित का दर्जा
बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर सभागार में सूबे के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने स्व. अखिलेश निषाद को याद किया। उन्होंने बताया कि सात जून 2015 को रेल रोको आंदोलन के दौरान सपा सरकार के कार्यकाल में गोलियां चलीं।

बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर सभागार में सूबे के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने स्व. अखिलेश निषाद को याद किया। उन्होंने बताया कि सात जून 2015 को रेल रोको आंदोलन के दौरान सपा सरकार के कार्यकाल में गोलियां चलीं। क्रूरता का शिकार होने से अखिलेश की मृत्यु हो गई। इस दौरान उन्होंने मछुआ समाज को अनुसूचित जाति में शामिल कर आरक्षण देने और शिक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग उठाई।
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय ने कहा कि सात जून 2015 सोते हुए सपने में भी याद आता है। अखिलेश निषाद के अधूरे सपने और मिशन को लेकर हम संघर्ष के लिए तैयार हैं। निषाद समाज अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा नाम ओबीसी से खारिज हो, हमें अनुसूचित जाति का दर्जा मिलना चाहिए। एक अखिलेश गया है, हम बड़ी संख्या में उसकी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।
सीएम योगी से आस, जताया आभार
सभा के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय ने सीएम योगी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी उस समय सांसद थे, उन्होंने हमारी आवाज को सदन में उठाया था। आज वह सरकार में हैं, अब लगता है कि हमारी समस्याओं का समाधान होगा।
अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी
इस मौके पर मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने आए हुए लोगों को विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। लोगों को प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, सघन मत्स्य पालन एयरेशन सिस्टम योजना, मत्स्य किसान क्रेडिट कार्य आदि योजनाओं के बारे में बताया।
कार्यकर्ताओं ने दी जन्मदिन की बधाई
गौरतलब है कि शनिवार को निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का जन्मदिन भी था। यहां प्रदेश के कई जिलों से आए पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थकों ने कैबिनेट मंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।