भीषण गर्मी के बीच लखनऊ में बिजली संकट, 150 से अधिक क्षेत्रों की बत्ती गुल होने से परेशान रहे लोग
भीषण गर्मी के बीच राजधानी लखनऊ के डेढ़ सौ से अधिक मोहल्ले और कॉलोनियों में रात में बिजली गुल रही। छह लाख से अधिक उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी।

भीषण गर्मी के बीच लखनऊ शहर में रिकॉर्ड तोड़ मांग के बीच बिजली उपकरण दम तोड़ रहे हैं, जिसके कारण घंटों आपूर्ति बाधित हो रही है। उपभोक्ताओं को रात भर जाग कर गुजारना पड़ रहा है। बिजली अव्यवस्था से आजिज आकर आधी रात के बाद फैजुल्लागंज और शृंगार नगर में उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। आलमनगर न्यू उपकेंद्र का घेराव किया। शहर के डेढ़ सौ से अधिक मोहल्ले और कॉलोनियों में रात में बिजली गुल रही। छह लाख से अधिक उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी।
फैजुल्लागंज चतुर्थ में चार-पांच दिनों से बिजली की समस्या बनी हुई है। 24 घंटे में यहां के लोगों को 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। रोज रात को घंटों कटौती से लोगों का सोना मुहाल हो गया है। मंगलवार रात 11 बजे कटी बिजली जब तीन बजे तक नहीं आई तो आक्रोशित उपभोक्ता उपकेंद्र पर पहुंच गए। यहां किसी कर्मचारी के न होने पर नाराज लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि रात को 11 बजे बिजली काट दी जा रही, जो कभी रात एक तो कभी दो बजे आती है। आज तो हद कर दी, रात तीन बजे तक कटौती रही। शृंगार नगर उप केंद्र से रात को बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घंटों न आने पर नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। बुधवार को आलमबाग व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय सनमुख और वरिष्ठ महामंत्री मो. हसीब के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसडीओ शृंगार नगर नरेंद्र यादव से मुलाकात की। बिजली कटौती को लेकर रोष जताया। उनसे कहा कि 25 दिनों से घंटों बिजली आपूर्ति ठप कर दी जा रही है। शाम को कटौती से व्यापार चौपट हो रहा है। आम लोग परेशान हैं। चेतावनी दी कि आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर काफी संख्या में व्यापारी थे।हर्ष नगर और उसके आसपास 7 घंटे बिजली गुल रही। आक्रोशित लोगों ने बुद्धेश्वर चौराहे पर जाम लगाया।
रात में इन स्थानों पर भी हलकान हुए लोग
अहिबरनापुर में ओवरलोडिंग के कारण रात 11 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। नाराज लोगों ने 12 बजे उपकेंद्र पहुंच कर रोष जताया। विभाग के अनुसार आधा घंटा में आपूर्ति बहाल कर दी गई।
खदरा सब स्टेशन पर ब्रेकडाउन के कारण दो घंटे आपूर्ति बाधित रही।
त्रिवेणी नगर में 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण देर रात एक घंटा आपूर्ति बाधित रही।
विकास नगर लाइन में ब्रेक डाउन के कारण खुर्रम नगर और आसपास के क्षेत्र में दो घंटे बिजली नहीं आई।
न्यू कैंपस उपकेंद्र के ब्रेकडाउन होने के कारण नाऊखेड़ा, मुस्लिम नगर, कोटवा, नंदना, गुमानी का पुरवा, मगथ, चंदा का डेरा, भीखापुरवा, अस्ती रोड, विजयपुर, दिनकरपुर झलुआ आदि क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही
नादरगंज न्यू सब स्टेशन के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर को इमरजेंसी शटडाउन लेना पड़ा। जिसके कारण चिलावा, अली नगर सुनहरा, नादरगंज औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ढाई से तीन घंटे बत्ती गुल रही।
आलमनगर न्यू उपकेंद्र का लोगों ने घेराव किया
आलमनगर न्यू उपकेंद्र के आरडीएसओ फीडर के एक फेज का जंपर रात 12:33 बजे जल गया। घंटों बिजली नहीं आने से नाराज स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र का घेराव कर दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने शीघ्र आपूर्ति बहाली का आश्वासन देकर शांत कराया। विभाग के अनुसार लोड को शिफ्ट किया गया था, पर उस लाइन पर इंद्रलोक उपकेंद्र का लोड भी था। ऐसे में पूरा लोड एक साथ नहीं चल पाने से आपूर्ति बाधित हुई। रात 01:50 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।