'ढाई आखर' को मिला मैथिली शरण गुप्त योजना का द्वितीय पुरस्कार
Prayagraj News - उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक बसंत कुमार शर्मा के दोहा संग्रह को मैथिली शरण गुप्त योजना के अंतर्गत द्वितीय पुरस्कार मिला है। लेखक को 10 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उनके...

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक बसंत कुमार शर्मा के दोहा संग्रह ‘ढाई आखर को मैथिली शरण गुप्त योजना के अंतर्गत द्वितीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। लेखक को 10 हजार रुपये व प्रशस्ति भेंट किया जाएगा। यह पुरस्कार रेलवे बोर्ड के राजभाषा विभाग की ओर से काव्य एवं गजल विधा की उत्कृष्ट कृतियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। संग्रह में कुल 700 दोहों के माध्यम से लेखक ने मानवीय मूल्यों, प्रेम, करुणा, सद्भाव, साहित्यिक संस्कारों के साथ-साथ सामाजिक विसंगतियों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। भावपक्ष और कलापक्ष दोनों दृष्टियों से यह कृति उल्लेखनीय मानी गई है।
इसमें अनुप्रास, यमक, उपमा, मानवीकरण, विरोधाभास, पुनरुक्ति प्रकाश जैसे विविध अलंकारों का सुंदर प्रयोग किया गया है। दोहों की भाषा सरल और सहज हिंदी है, जिसमें उर्दू, अंग्रेज़ी, देशज व आंचलिक शब्दों का सजीव समन्वय देखने को मिलता है। इस उपलब्धि पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।