स्लॉटर हाउस की सील हटाने की मांग को लेकर हंगामा
फोटो :: नैनीताल, संवाददाता। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा स्लॉटर हाउस बंद किए जाने से नाराज लोगों ने शुक्रवार को अंजुमन इंस्लामिया के सदर शोएब अहमद

नैनीताल, संवाददाता। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा स्लॉटर हाउस बंद किए जाने से नाराज लोगों ने शुक्रवार को अंजुमन इस्लामिया के सदर शोएब अहमद की अगुवाई में नगर पालिका कार्यालय में हंगामा किया। उन्होंने स्लॉटर हाउस सील होने के लिए पालिका को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि दो साल से ट्रीटमेंट प्लांट, ईपीटी, सॉलिड वेस्ट प्लांट सर्टिफिकेट तक रिन्यू नहीं किए गए। जबकि, बोर्ड लगातार पालिका को नोटिस भेजता रहा। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने मामले में जल्द उचित कार्यवाही का भरोसा लोगों को दिलाया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हल्द्वानी की टीम ने कुछ दिनों पहले शहर के स्लॉटर हाउस को सील कर दिया था।
तब से मीट कारोबारी काफी परेशान थे। शुक्रवार को स्लॉटर हाउस की सील खोलने की मांग को लेकर कई लोग पालिका कार्यालय आ पहुंचे। यहां जमकर हंगामा किया गया। सदर ने कहा कि सील न खोलने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। सदर ने कुछ सभासदों पर शहर में बीते दिनों हुए बवाल में शामिल होने तक का आरोप लगाया। पालिकाध्यक्ष का घेराव करते हुए लोगों ने कहा कि स्लॉटर हाउस जल्द खोला जाए। वहीं, मामले में पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने कहा कि वह ईद का त्योहार खराब नहीं होने देगी। उन्होंने जल्द स्लॉटर हाउस की सील खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने स्लॉटर हाउस को सील बंद किया है। पालिका ने अपनी गलती मानते हुए सील खोलने के लिए पत्राचार किया है। जल्द ही डीएम के साथ बैठक कर इस मामले को रखा जाएगा। कहा कि स्लॉटर हाउस के सील होने की पहले कोई जानकारी पालिका को नहीं थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।