इविवि के छात्र की हत्या में चार नामजद
Prayagraj News - इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र अच्युत त्रिपाठी की हत्या का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उनकी मौत हैगिंग से होने की पुष्टि हुई है। उनके भाई जनार्दन त्रिपाठी की शिकायत पर चार लोगों के...

मेजा(प्रयागराज), हिन्दुस्तान संवाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एमए अंतिम वर्ष के छात्र अच्युत त्रिपाठी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैगिंग से मौत होने की पुष्टि हुई है। हालांकि मृतक के बड़े भाई भाजपा नेता जनार्दन त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने कौंधियारा के जयशंकर पांडेय, बंधवा मेजा के विपिन कुमार उपाध्याय और कोहड़ार के सोनू व शिवम मिश्रा के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि अच्युत त्रिपाठी को पुरानी रंजिश में साजिशन पार्टी के बहाने होटल बुलाया गया। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
कोहड़ार के एक होटल में सोमवार रात कुछ लोगों ने पार्टी रखी थी। इसी पार्टी में इविवि के एमए अंतिम वर्ष का छात्र 24 वर्षीय अच्युत त्रिपाठी भी पहुंचा था। मूलरूप से फतेहपुर जिले के खागा नगर जीटी रोड का निवासी अच्युत त्रिपाठी शहर में डायमंड जुबली हॉस्टल में रहता था। पार्टी में पहुंचने के बाद अच्युत त्रिपाठी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव होटल के एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। मृतक के बड़े भाई फतेहपुर के भाजपा नगर महामंत्री जनार्दन त्रिपाठी ने दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया है कि अच्युत को छात्रावास के सीनियर छात्र विपिन कुमार उपाध्याय सहित अन्य ने कोहड़ार के एक होटल में पार्टी के लिए बुलाया था। जहां होटल संचालक के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी गई। अच्युत के मोबाइल की होगी जांच अच्युत त्रिपाठी साथियों के बुलाने पर कोहड़ार बाजार स्थित धरमपुरा ब्रदर्स होटल पहुंचा था। वह साथियों के साथ होटल के प्रथम तल पर ठहरा था। अच्युत ने अपने चचेरे भाई प्रत्यूष को फोन कर होटल पहुंचने की जानकारी दी थी। बातचीत के दौरान उसने प्रत्यूष को ठहरने की लोकेशन भी मोबाइल पर भेजी थी। चचेरा भाई प्रत्यूष होटल पहुंचा तो अच्युत का शव फांसी के फंदे पर लटका था। उसके कुछ साथी मौके से भाग चुके थे। पुलिस अच्युत के मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है। कोट : छात्र अच्युत त्रिपाठी के भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी। - रवि गुप्ता, एसीपी मेजा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।