Water Crisis in Prayagraj Residents Demand Solutions Amidst Low Pressure बोले प्रयागराज : हैंडपंप खराब, नलकूप उगल रहा गंदा पानी, इस गर्मी भी नहीं दूर हो पाई हजारों की परेशानी , Prayagraj Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsWater Crisis in Prayagraj Residents Demand Solutions Amidst Low Pressure

बोले प्रयागराज : हैंडपंप खराब, नलकूप उगल रहा गंदा पानी, इस गर्मी भी नहीं दूर हो पाई हजारों की परेशानी

Prayagraj News - हैंडपंप खराब, नलकूप उगल रहा गंदा पानी, इस गर्मी भी नहीं दूर हो पाई हजारों

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराजThu, 5 June 2025 05:12 PM
share Share
Follow Us on
बोले प्रयागराज : हैंडपंप खराब, नलकूप उगल रहा गंदा पानी, इस गर्मी भी नहीं दूर हो पाई हजारों की परेशानी

प्रयागराज, हिन्दुस्तान टीम। अलोपीबाग इलाका जलसंकट की चपेट में है। करीब एक दर्जन हैंडपंपों को रीबोर की दरकार है। कुछ तो दम तोड़ चुके हैं और जो बचे हैं वह आधे घंटे बाद पानी देना बंद कर दे रहे हैं। इलाके में पानी की आपूर्ति ओवरहेड टैंक के जरिए होती है। ओवरहेड टैंक भरने के लिए दो नलकूप लगे हैं, लेकिन एक ही काम करता है। दूसरा नलकूप गंदा पानी उगल रहा है। एक नलकूप की वजह से लो प्रेशर के कारण पूरे क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हो पाती। पेयजल की समस्या से लोग परेशान हैं। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान ने ‘बोले प्रयागराज के तहत लोगों की समस्या जानी।

लोगों का कहना था कि गंगा-यमुना के पास रह रहे हैं और पानी के लिए परेशान हैं। इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है। लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। जिम्मेदार बेपरवाह बने हुए हैं। शहर के अलोपीबाग और उससे लगे तुलारामबाग, सोहबतियाबाग, न्यू अलोपीबाग आदि इलाकों में पेयजल की समस्या से लोग परेशान हैं। जरूरत भर का पानी भी लोगों को नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित है। सुबह होते ही लोगों के सामने पानी की समस्या रहती है। कहने को तो पानी की आपूर्ति तीन समय होती है, लेकिन पानी कब आएगा, कब नहीं कोई नहीं जानता। जिस समय जलापूर्ति होती है उस दौरान प्रेशर इतना कम रहता है कि लोगों को जरूरत का पानी भी नहीं मिल पाता। सुबह होते ही लोग मोटर चलाकर पानी आने का इंतजार करते रहते हैं। समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि कुछ दिन तो टैंकर से भी आपूर्ति करनी पड़ी थी। यहां दो नए नलकूप लगने थे, लेकिन मात्र एक नलकूप ही लग पाया, वह भी गंदा पानी उगल रहा है। इसके कारण पुराने नलकूप से ओवरहेड टैंक को भरा जा रहा है। इससे लो प्रेशर की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हैं। लोगों का कहना है कि एक नया नलकूप लगे और भूमिगत जलाशय बनाया जाए। इससे ओवरहेड टंकी लोड हो तो पानी की समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकेगा। लोग लगातार मांग करते आ रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। एक दर्जन हैंडपंपों के रीबोर की दरकार अलोपीबाग, न्यू अलोपीबाग, सोहबतियाबाग, तुलारामबाग, मटियारा आदि इलाकों में लगे करीब एक दर्जन हैंडपंप काम नहीं कर रहे हैं। कुछ हैंडपंप थोड़ी देर पानी उगलने के बाद बंद हो जाते हैं। सोहबतियाबाग में बाबा वेल्डिंग के पास, आकाश मेडिकल के पास, मक्खन सुपारी वाले की गली में, मटियारा में डॉ. रमाकांत के आवास के पास लगे हैंडपंप पानी नहीं दे रहे हैं। इन हैंडपंपों के रीबोर की सख्त जरूरत है। लोगों का कहना है कि यदि हैंडपंप काम कर रहे होते तो इतनी समस्या न होती। आपात स्थिति में यही सहारा बनते। हैंडपंपों की उपयोगिता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पुराने कुंए दे रहे राहत अलोपीबाग क्षेत्र के पुराने कुंए गर्मी में लोगों को काफी राहत दे रहे हैं। नियमित साफ सफाई के कारण इसका पानी साफ और मीठा है। अलोपशंकरी मंदिर कॉरिडोर में स्थित पुराने कुंए का उपयोग श्रद्धालु नियमित करते हैं। काली माई मंदिर के पास का कुंआ भी रखरखाव के कारण साफ पानी दे रहा है। शंकराचार्य आश्रम में स्थित कुंए का भी उपयोग होता है। इसी प्रकार मटियारा गांव और ढिंगवस कोठी परिसर में बना कुंआ भी लोगों को काफी राहत दे रहा है। लोगों का कहना है कि कुंए पानी के परंपरागत स्त्रोत हैं, इनकी नियमित देखरेख, साफ-सफाई कर इनका उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि इनका वजूद बना रहे। शिकायतें - लो प्रेशर के कारण सभी घरों में नहीं पहुंच पा रहा पानी। - मात्र एक नलकूप होने से ओवरहेड टैंक नहीं भर पाता। - हैंडपंप काम नहीं कर रहे, कुछ अरसे से खराब पड़े हैं। - दो नलकूप की है जरूरत, शिकायत पर भी सुनवाई नहीं। समाधान - भूमिगत जलाशय बनाकर उसमें पानी स्टोर किया जाए और उससे ओवरहेड टैंक भरें। - नलकूप की क्षमता बढ़ाने के साथ दूसरे नलकूप को भी चालू किया जाए। - सभी खराब हैंडपंपों को रीबोर करा कर उन्हें उपयोग योग्य बनाया जाए। हमारी भी सुनें..... लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। यहां दो नलकूप लगने थे, लेकिन मात्र एक नलकूप ही लगाया गया है जिससे समस्या बनी हुई है। जो नलकूप लगाया गया है वह गंदा पानी दे रहा है। इससे उसका उपयोग नहीं किया जाता। -कमलेश सिंह पानी की समस्या से लोग काफी परेशान हैं। गर्मी में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पेयजल समस्या को देखते हुए कुंए की सफाई कराई गई है। अब लोग कुंए का पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे हैंडपंप भी चल रहा है। - दिनेश प्रताप सिंह पानी की समस्या काफी दिनों से है। सुबह से ही पानी की चिंता शुरू हो जाती है। लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। समस्या गंभीर है इसका समाधान जरूरी है। - रत्नाकर उपाध्याय पानी के लिए लोगों को सुबह-सुबह उठ जाना पड़ता है। देर होने पर जलापूर्ति बंद होने का डर बना रहता है। लो प्रेशर के कारण लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी भी नहीं मिल पाता। जलकल विभाग में सुनवाई नहीं होती। - मनोज सप्रे कहने को तो पानी तीन समय आता है, इसके बावजूद लोग पानी न मिलने की समस्या से परेशान हैं। पानी के आने का कोई निश्चित समय नहीं होता। जब जलापूर्ति होती है तो प्रेशर इतना कम होता है कि पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। -दिनेश कुमार श्रीवास्तव पहले हैंडपंप हुआ करते थे तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं होती थी। जहां हैंडपंप लगे हैं वहां रखरखाव न होने से काम नहीं कर रहे हैं। पेयजल की समस्या कोई नई नहीं है, फिर भी जिम्मेदार अब तक इसका समाधान नहीं कर पाए हैं। -समीर लोगों की दिनचर्या की शुरुआत ही पानी से होती है। सुबह पानी नहीं मिलता तो काफी उलझन होती है। सारे काम छूट जाते हैं। पानी की समस्या बेहद गंभीर है, इसका समाधान हो जाए तो काफी राहत मिले। - रमेश कुमार पानी का प्रेशर काफी कम रहता है, जिससे लोग परेशान हैं। मोटर लगाने के बाद भी पानी पहली मंजिल पर नहीं पहुंच पाता। छत पर लगी टंकी भी नहीं भर पाती। पेयजल समस्या का समाधान होना जरूरी है। -संजय कुमार लोग काफी समय से पेयजल समस्या से परेशान हैं। लगातार शिकायत भी की जा रही है, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। नलकूप ही इसका समाधान है, लेकिन अफसर इस पर गंभीर नहीं हैं। -आशीष कुमार पानी की समस्या का समाधान हो जाए तो लोगों को काफी राहत मिले, लेकिन शिकायत के बाद भी जिम्मेदार इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। विभाग को तो सिर्फ टैक्स से मतलब है। जनप्रतिनिधि भी बेपरवाह हैं। धीरेन्द्र सिंह इलाके के अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिससे समस्या का कोई विकल्प भी नहीं है। हैंडपंप काम कर रहे होते तो इतनी परेशानी नहीं होती। पेयजल समस्या का स्थाई समाधान होना चाहिए। -रणविजय सुबह से पानी की समस्या परेशान करने लगती है। नलों से पानी आता है तो प्रेशर इतना कम रहता है कि आवश्यकता का भी पानी नहीं मिल पाता। यह रोज की समस्या है, जिसका स्थाई समाधान जरूरी है। जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देना होगा। -अनिल मलंग नलकूप की क्षमता बढ़ानी चाहिए। नया नलकूप लगे और उससे जलापूर्ति की जाए तो लो प्रेशर की समस्या का समाधान हो सकता है। उम्मीद थी कि महाकुम्भ मेला के समय समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा, लेकिन मायूसी मिली। -राजकुमार सुबह पानी नहीं मिलता तो नहा भी नहीं पाते, पूरा दिन खराब हो जाता है। लगातार लोग शिकायत कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अफसर इस गंभीर समस्या से अनजान बने हुए हैं। अधिकारी सुन नहीं रहे तो समाधान कैसे होगा। -नाटे हैंडपंप खराब पड़े हैं। नल से जो पानी आता है उसका प्रेशर इतना कम रहता है कि जरूरत का भी पानी नहीं मिल पाता। समस्या का स्थाई समाधान हो जाए तो लोग काफी राहत महसूस करें। - हर्ष बोले पार्षद--- काफी प्रयास के बाद पिछले दिनों नया नलकूप लगा, लेकिन जल संस्थान एवं जल निगम में आपसी तालमेल न होने के कारण नलकूप नहीं चल पाया। समस्या के स्थाई समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। नए ट्यूबवेल का काम शुरू हो चुका है। ट्यूबवेल लगते ही पानी की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। - उमेश मिश्र, पार्षद, अलोपीबाग बोले जिम्मेदार गर्मी को देखते हुए पेयजल समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। नए नलकूप के लिए स्थान की दिक्कत थी जो दूर हो चुकी है। नया नलकूप लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नये नलकूप के लगते ही पानी की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। - कुमार गौरव, महाप्रबंधक, जलकल

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।