बाबा खाटू श्याम की शरण में जाने वाले मनुष्य का होता है कल्याण : कालेंद्रानंद
Saharanpur News - सहारनपुर के राधा विहार स्थित चमत्कारी श्री खाटू श्याम मंदिर के वार्षिकोत्सव पर भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि बाबा की शरण में जाने से कल्याण होता है। भक्तों ने गुलाब...
सहारनपुर। राधा विहार स्थित चमत्कारी श्री खाटू श्याम मंदिर के वार्षिकोत्सव उपलक्ष्य में धूमधाम से पालकी यात्रा निकाली गई। बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस मौके पर स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि बाबा श्री खाटू श्याम की शरण में जाने वाले मनुष्य का कल्याण होता है। सोमवार को श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वाधान में आयोजित चमत्कारी श्री खाटू श्याम मंदिर वार्षिकोत्सव उपलक्ष्य में पालकी यात्रा शिव विहार ज्ञानेंद्र पुंडीर के आवास से शुरू होकर, आवास विकास, कमल कॉलोनी होते हुए विशाल विहार में रामकुमार चौधरी के निवास स्थान पर पहुंची। यहां पर पालकी यात्रा को विश्राम देने के साथ विधिवत पूजन किया गया। भक्तों ने गुलाब अर्पित किए और बाबा श्री खाटू श्याम का श्रृंगार किया। इस मौके पर स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा दिव्य हंस पालकी में श्री खाटू श्याम के दर्शन करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।
बर्बरीक ने जब प्रभु श्री कृष्ण जी को शीश दान किया था, तब महाभारत युद्ध दर्शन के बाद देवतागण दिव्य पालकी में शीश को स्थापित कर खाटू नरेश की भूमि पर ले गए थे। इसलिए कहा जाता है धर्म की वेदी पर बलिदान किए जाने वाला जीवन अमूल्य एवं सर्वोच्चता को प्राप्त हो जाता है। इसलिए हमें श्री खाटू श्याम जी के चरित्र से प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने जीवन में सर्वोच्च कर्म करते हुए धर्म के मर्यादा के अनुसार जीवन को प्रभु के चरणों में अर्पण करना चाहिए। यही मोक्ष और मुक्ति का मार्ग कहा गया है। इस दौरान सतीश चौधरी, दिनेश ठाकुर, अमित वर्मा, सुशील गुप्ता, रामकुमार चौधरी, संजय राणा, प्रदीप पांचाल, अगम शर्मा, अनिल कश्यप, सन्नी कांबोज, विभा सिंह, सुषमा ठाकुर, रेनू वर्मा, अंशिका वर्मा, रीता वर्मा मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।