फौजी का ऐलानिया कत्ल, चाचा के बेटे की हत्या में था मुख्य गवाह
Saharanpur News - रामपुर मनिहारान के गांव मुंडीखेड़ी में एक फौजी का कत्ल हो गया। विक्रांत, जो एक महीने की छुट्टी पर घर आया था, चाचा के बेटे की हत्या का मुख्य गवाह था। उसे गोली मारकर हत्या की गई। परिजनों ने आरोप लगाया...

रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मुंडीखेड़ी में फौजी के कत्ल से सनसनी फैल गई। फौजी का गोली लगा शव घर के नजदीक ही चकरोड पर पड़ा मिला। फौजी अपने चाचा के बेटे की हत्या में मुख्य गवाह था जो छुट्टी लेकर गवाही देने आया था। परिजनों ने ऐलानिया कत्ल का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों ने गवाही देने पर हत्या की धमकी दी थी। एसएसपी रोहित सजवाण सहित फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। गांव मुंडीखेड़ी निवासी विक्रांत पुत्र रविंद्र भारतीय सेना में जवान था। विक्रांत एक माह की छुट्टी पर तीन दिन पहले घर आया था। बुधवार शाम करीब सात बजे वह अपने घर से कहीं चला गया था। रात में घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। गुरुवार सुबह करीब छह बजे खेतों की तरफ जा रहे कुछ ग्रामीणों ने घर के निकट चकरोड पर विक्रांत का शव पड़ा देखा। उसके सीने पर गोली लगी हुई थी। सूचना पर सीओ नकुड़ एसएन वैभव पांडेय, कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने गांव पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। वारदात के खुलासे को पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। विक्रांत के चाचा विनोद कुमार ने गांव के ही देवेंद्र पुत्र रकम सिंह पर ऐलानिया हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके पश्चात आरोपी गांव से फरार हो गया। नकुड़ सीओ एसएन वैभव पांडे ने बताया कि मृतक के चाचा की तहरीर पर देवेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोप है कि विक्रांत के चाचा के बेटे रजत की हत्या के मामले में देवेंद्र जेल चुका है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विक्रांत के चाचा के बेटे रजत की जुलाई 2020 में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मृतक रजत के पिता ने पांच लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। विक्रांत इस केस मे मुख्य गवाह था। विक्रांत ने दो दिन पहले ही अदालत में आरोपियों के खिलाफ गवाही दी थी। वहीं, माना जा रहा है कि इसी रंजिश में विक्रांत की हत्या की गई है।
------
जम्मू कश्मीर में तैनात था विक्रांत
विक्रांत भाई बहनों में तीसरे नंबर का था, दो बहनों की शादी हो चुकी है। विक्रांत वर्ष 2019 में सेना में भर्ती हुआ था। वह वर्तमान में जम्मू कश्मीर में 25 राजपुताना राइफल संजवान छावनी में तैनात था। तीन दिन पहले ही वह एक माह की छुट्टी पर अपने घर आया था।
------
परिजनों ने यह भी लगाया आरोप
गांव के ही एक व्यक्ति के हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि चाचा के बेटे की हत्या के मामले में आरोपी फैसला करने का दबाव बना रहा था। लगातार उनके परिवार को भी धमकी मिल रही थी। परिजनों का आरोप है कि इसी व्यक्ति ने सैनिक की गोली मारकर हत्या की है। आरोपी गांव से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हर बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है।
----
कई हिरासत में, पूछताछ जारी, सटाकर मारी गोली
नामजद आरोपी गांव से फरार हो गया है, जबकि शक के आधार पर पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। वहीं, नामजद आरोपी की गिरफ्तारी को भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि विक्रांत के सीने पर हथियार सटाकर गोली मारी गई है। वहीं आशंका है कि हत्याकांड में कई आरोपी शामिल हो सकते हैं। पुलिस हर बिंदु पर मामले की जांच में जुटी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।