शहर में सुरक्षा को नई नजर, 10 स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे
Sambhal News - शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन और नगर पालिका ने 10 प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। ये कैमरे पिछले वर्ष हुई हिंसा के बाद सुरक्षा बढ़ाने के लिए स्थापित किए गए हैं।...

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन और नगर पालिका द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रविवार को शहर के 10 प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। जिससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। शहर में बीते वर्ष शाही जामा मस्जिद पर सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद से पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुरी तरह अलर्ट है। जिसकों लेकर पुलिस व पालिका द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने व अपराध को रोकने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं।
रविवार को शहर के मुरादाबाद रोड स्थित वाजिदपुरम, एएसपी कार्यालय, सीओ कार्यालय, बिजली घर, मंडी किशनदास सराय तिराहा, यशोदा चौराहा, शंकर कॉलेज चौराहा, अस्पताल चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं। इन सभी स्थानों पर कैमरे लगाए जाने के बाद शहर की निगरानी व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हो गई है। यह कदम न केवल आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम में मदद करेगा, बल्कि यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायक होगा। अभी शहर में 206 कैमरे और लगाये जायेंगे। जिसमें 8 पीटीजेड कैमरे जो 360 डिग्री रोटेशन के साथ किसी भी दिशा में फोकस कर सकते हैं। 10 एएनपीआर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे। जो वाहनों की नंबर प्लेट को स्कैन कर उनकी पहचान कर सकते हैं। इसके अलावा सभी कैमरे हाई-डेफिनिशन रिकॉर्डिंग से लैस होंगे, जो 24 घंटे निगरानी में सक्षम होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।