दिनभर बादलों से आंख मिचौली खेलता रहा सूरज, उमस से परेशान हुए लोग
Sambhal News - जनपद में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। बुधवार को उमसभरी गर्मी से लोग परेशान रहे। सुबह धूप और दोपहर में बादलों के बीच आंख मिचौली हुई। हल्की बूंदाबांदी ने बारिश की उम्मीद जगाई, लेकिन बारिश नहीं हुई।...

जनपद में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बुधवार को उमसभरी गर्मी से लोग परेशान दिखाई दिए। सुबह की शुरुआत जहां चटक धूप के साथ हुई, वहीं दोपहर तक आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। दिनभर सूरज और बादलों के बीच आंख मिचौली का सिलसिला जारी रहा। दोपहर में मामूली बूंदाबांदी हुई। जिससे लोगों को लगा की बारिश होगी, लेकिन बारिश नहीं हुई। बुधवार सुबह में 11 बजे के करीब आसमान में हल्के बादल मंडराने लगे। जिससे लोगों को कुछ देर के लिए गर्मी से राहत महसूस हुई। हालांकि यह राहत ज्यादा देर नहीं टिक सकी। दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी ने लोगों में बारिश की उम्मीद जगाई, लेकिन बादलों ने निराश कर दिया और बारिश बिना बरसे ही गुजर गई।
बादलों के होते हुए भी हवा में नमी बढ़ने से उमस ने लोगों को दिनभर परेशान किया। गर्मी और उमस से परेशान लोग दिनभर कूलर पंखा चलाकर आराम करते दिखाई दिए। उसके बाद भी लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली। गर्मी और उमस के कारण दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। आम दिनों की तुलना में दुकानों पर ग्राहकों की संख्या काफी कम देखी गई। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखाई दिए, लेकिन उसके बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। शाम में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखाई दिए। गर्मी की वजह से ग्रामीण इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या बन गई। ऐसे में लोगों और परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण इलाके में खेतों की जुताई और बाजरा की बुवाई का कार्य इन दिनों तेजी पर है, लेकिन असमंजस भरे मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।