मनरेगा में मजदूरों के नाम पर हो रहा घोटाला
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले में डीएम आलोक कुमार ने मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। जांच में 772 मजदूर काम करते पाए गए, जबकि कागजों में 2723 मजदूर दर्शाए गए थे। यह स्थिति मनरेगा में हो रही...
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में डीएम आलोक कुमार ने मनरेगा योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का 14 जिला स्तरीय अधिकारियों से औचक निरीक्षण कराया। सभी की जांच रिपोर्ट आने पर हालात कार्य के विपरीत मिले। सभी जगह की स्थलीय जांच में 772 मजदूर कार्य करते पाए गए। जबकि कागज में 2723 मजदूर कार्य करना दर्शाए गए हैं। यह स्थिति मनरेगा में मची लूट को साफ दर्शा रही है। डीएम आलोक कुमार ने बताया कि मनरेगा में गड़बड़ी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिसके मद्देनजर 14 जिला स्तरीय अधिकारियों से मनरेगा के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कराया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत बभनी में, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश कुमार ने इमिलडीहा, भूमि संरक्षण अधिकारी, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग-02 सौरभ कुमार ने डिघरा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने बकैनिया पकड़ी, भूमि संरक्षण अधिकारी, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग-03 अरविंद कुमार वर्मा ने लोईयाभार, भूमि संरक्षण अधिकारी कृषि सीपी सिंह ने सेवहा चौबे, बीएसए अमित सिंह ने सेमरी, जिला प्रोबेशन अधिकरी सतीश चंद्र ने सांड़ेकला, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस सत्येंद्र सिंह ने हारापट्टी में जांच की।
इसी तरह अपर जिला पंचायत अधिकारी राजेश ने अमरडोभा, जिला कृषि अधिकारी डॉक्टर सर्वेश यादव ने तेजपुर, जिला उद्यान अधिकारी समुद्र गुप्त मल्ल ने फुलवरिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुरेश कुमार तिवारी ने पुरैना में चल रहे मनरेगा कार्यों की स्थलीय जांच की। उक्त ग्राम पंचायतों में एमआईएस के अनुसार कुल 2723 मजदूर लगे थे, जबकि मौके पर मात्र 772 मजदूर ही उपस्थित मिले। डीएम ने बताया कि सीडीओ जयकेश त्रिपाठी और डीसी मनरेगा डॉक्टर प्रभात द्विवेदी ने विकास खंड सेमरियावां के सौरहा-सिघोंरवा में कुल 04 मनरेगा परियोजनाओं का निरीक्षण किया। जिसमें चार परियोजनाओं के सापेक्ष सिर्फ एक परियोजना पर मजदूर पाए गए। तीन परियोजनाओं पर कोई मजदूर नहीं थे। कार्य की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं थी। डीएम ने कहा कि पाई गई कमियों के संबंध में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।