शाहजहांपुर में होमगार्ड ने एक्स गर्लफ्रेंड को ईंट से कूचकर मार डाला, साथ चलने से मना करने पर की वारदात
यूपी के शाहजहांपुर में होमगार्ड ने एक्स गर्लफ्रेंड को ईंट से कूचकर मार डाला। होमगार्ड ने साथ चलने से मना करने पर वारदात को अंजाम दिया। मर्डर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

यूपी के शाहजहांपुर में एक होमगार्ड ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। यहां थाना बंडा क्षेत्र के गांव भानपुर में शुक्रवार की देर रात ईंट से कूचकर प्रेमिका की हत्या कर दी गई। होमगार्ड प्रेमिका पर साथ चलने का दबाव बना रहा था। प्रेमिका के विरोध करने पर गुस्साए होमगार्ड ने उसे मार डाला। मृतका की पहचान किरन पत्नी स्वर्गीय राजेश के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी तलाश में जुट गई।
पुलिस के अनुसार घटना रात लगभग 11:50 बजे की है। मृतका किरन का पूर्व में पुष्पेंद्र पुत्र सियाराम निवासी पड़रिया दलेलपुर से प्रेम संबंध था। पुष्पेंद्र वर्तमान में होमगार्ड के पद पर कार्यरत है। कुछ समय पूर्व दोनों के बीच रिश्ते खत्म हो गए थे। पुलिस का कहना है कि संबंध विच्छेद के बाद पुष्पेंद्र लगातार किरन पर साथ चलने का दबाव बना रहा था।
शुक्रवार रात पुष्पेंद्र गांव भानपुर में किरन के घर पहुंचा और उसे जबरन अपने साथ चलने को कहा। जब किरन ने उसका विरोध किया, तो आरोपी ने पास में रखी ईंट उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। ईंट लगते ही किरन लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बंडा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव में कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है, लेकिन लोगों में गुस्सा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।